– Santosh K Srivastav : Editor in Chief & Publisher
WJAI बिहार कमिटी के ज्ञापन पर विधायक रत्नेश कुशवाहा ने विधानसभा में उठाया पत्रकारों की सुरक्षा और सम्मान का मुद्दा
पटना 23 जुलाई : राजधानी पटना में प्रदर्शन के दौरान पत्रकारों के साथ कथित हमला एवं दुर्व्यवहार की घटना को लेकर Web Journalists’ Association of India (WJAI) की बिहार कमिटी द्वारा सौंपे गए मांग पत्र पर संज्ञान लेते हुए पटना साहिब के विधायक एवं भारतीय जनता पार्टी के सचेतक रत्नेश कुशवाहा ने पत्रकारों से जुड़े मुद्दों को बिहार विधानसभा में प्रमुखता से उठाया।
WJAI बिहार कमिटी की ओर से महासचिव सागर कुमार, कोषाध्यक्ष रत्नेश पांडे सहित अन्य प्रतिनिधियों ने पत्रकारों की सुरक्षा, सम्मान और निर्भीक कार्य वातावरण सुनिश्चित करने संबंधी मांगों का ज्ञापन विधायक रत्नेश कुशवाहा को सौंपा था। ज्ञापन में राजधानी पटना में प्रदर्शन के दौरान पत्रकारों के साथ हुई कथित मारपीट और दुर्व्यवहार की घटना पर चिंता व्यक्त करते हुए दोषियों के विरुद्ध उचित कार्रवाई तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की गई।
ज्ञापन पर संज्ञान लेते हुए विधायक रत्नेश कुशवाहा ने विधानसभा में पत्रकारों की सुरक्षा और उनके अधिकारों का मुद्दा उठाया। उन्होंने लोकतंत्र में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका का उल्लेख करते हुए कहा कि पत्रकारों को सुरक्षित और निष्पक्ष वातावरण में कार्य करने का अधिकार मिलना चाहिए तथा उनके साथ किसी भी प्रकार का दुर्व्यवहार स्वीकार्य नहीं है।
WJAI बिहार कमिटी ने विधायक द्वारा पत्रकारों के मुद्दे को सदन में उठाए जाने का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि सरकार इस विषय पर गंभीरता से विचार करेगी और पत्रकारों की सुरक्षा एवं सम्मान सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

