Arvind Prakash : Senior Correspondent
दिल्ली, 31 जनवरी 2026
दिल्ली भाजपा के वरिष्ठ और कद्दावर नेता अभय वर्मा की माताजी की स्मृति में आयोजित प्रार्थना सभा में आज भावनाओं का सैलाब उमड़ पड़ा। अक्षरधाम के सामने स्थित उत्सव मैदान में आयोजित इस सभा में दिल्ली भाजपा परिवार, सामाजिक संगठनों और राजनीतिक जगत के अनेक वरिष्ठ चेहरों ने पहुंचकर श्रद्धा सुमन अर्पित किए।
अभय वर्मा की माताजी का स्वर्गवास 13 जनवरी को हुआ था। माताजी के अत्यंत निकट रहने वाले अभय वर्मा के लिए यह क्षति गहरी और अपूरणीय मानी जा रही है। इसी भावनात्मक क्षण में पूरा भाजपा दिल्ली परिवार उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा दिखाई दिया।
मुख्यमंत्री से लेकर सांसद तक, सभी ने दी सांत्वना
प्रार्थना सभा में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने पहुंचकर शोकाकुल परिवार को सांत्वना दी और दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने अभय वर्मा से मुलाकात कर उन्हें इस कठिन समय में धैर्य और शक्ति बनाए रखने का संदेश दिया।
दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता भी इस अवसर पर उपस्थित रहे और उन्होंने अभय वर्मा के साथ खड़े होकर पारिवारिक शोक में अपनी सहभागिता जताई।
केंद्र सरकार और संगठन के वरिष्ठ नेता रहे मौजूद
सभा में केंद्र में राज्य मंत्री (सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय तथा कॉरपोरेट कार्य मंत्रालय) और पूर्वी दिल्ली के सांसद हर्ष मल्होत्रा भी पहुंचे। उन्होंने अभय वर्मा और उनके परिवार से मिलकर संवेदनाएं व्यक्त कीं और दुख की इस घड़ी में साथ खड़े रहने का भरोसा दिलाया।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा, उनके सहयोगी नेता तथा गांधीनगर विधायक और पूर्व दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष अरविंदर सिंह लवली ने भी प्रार्थना सभा में पहुंचकर श्रद्धांजलि दी।
भाजपा के केंद्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने भी दिल्ली भाजपा के मुख्य प्रवक्ता अभय वर्मा की माताजी को श्रद्धा सुमन अर्पित किए और परिवार को ढांढस बंधाया।

हजारों कार्यकर्ताओं की भावुक उपस्थिति
इस प्रार्थना सभा में दिल्ली भाजपा के प्रदेश स्तर के हजारों कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यकर्ताओं ने अभय वर्मा को अपने परिवार के सदस्य की तरह हौसला दिया और माताजी द्वारा दिखाए गए मूल्यों व मार्ग पर आगे बढ़ते रहने का संकल्प व्यक्त किया।
सादगी और श्रद्धा के साथ सम्पन्न हुई सभा
प्रार्थना सभा के दौरान भजन-कीर्तन और सामूहिक प्रार्थना का आयोजन किया गया, जो अत्यंत शांत, सरल और भावपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ। पूरा आयोजन माताजी के व्यक्तित्व, संस्कारों और उनके द्वारा दिए गए जीवन मूल्यों को स्मरण करते हुए श्रद्धा और सम्मान के साथ संपन्न हुआ।
