पटना में भव्य हनुमान जन्मोत्सव की तैयारी तेज, प्रचार के लिए निकले 4 रथ

Live ख़बर

Anjaan Jee : Editor in Chief & Publisher

पटना (कंकड़बाग), 31 मई, 2026

हिंदू सेवा ट्रस्ट बिहार की ओर से आयोजित दो दिवसीय हनुमान जन्मोत्सव को लेकर राजधानी पटना में तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। आयोजन को भव्य बनाने के उद्देश्य से ट्रस्ट ने प्रचार-प्रसार अभियान भी शुरू कर दिया है। इसी क्रम में कंकड़बाग क्षेत्र से चार रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया, जो शहर के विभिन्न हिस्सों में घूमकर लोगों को कार्यक्रम की जानकारी देंगे।

ट्रस्ट के अध्यक्ष एवं मुख्य संस्थापक दीपक कुमार अग्रवाल ने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य दक्षिण पटना को पूरी तरह हनुमानमय बनाना है। उन्होंने कहा कि रथ यात्रा के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों तक संदेश पहुंचाया जा रहा है ताकि वे इस धार्मिक आयोजन में भाग ले सकें।

आयोजन से जुड़े प्रमुख कार्यक्रम इस प्रकार हैं:

  • 1 अप्रैल को कंकड़बाग टेम्पो स्टैंड चौराहा पर एक हजार से अधिक श्रद्धालुओं द्वारा सुंदरकांड का सामूहिक पाठ
  • आचार्य डॉ. राधेश्याम शर्मा द्वारा सुंदरकांड एवं भजन प्रस्तुति
  • पूरे दक्षिण पटना में 20 तोरण द्वार, सैकड़ों होर्डिंग्स और पोस्टर्स लगाए जा रहे हैं
  • क्षेत्र को हनुमान ध्वजों से सजाया जा रहा है
  • श्रद्धालुओं के बीच वितरण के लिए विशेष कैलेंडर जारी

2 अप्रैल को मुख्य समारोह के दिन विविध सामाजिक और धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सुबह रक्तदान एवं चिकित्सा शिविर का आयोजन होगा, जबकि शाम को भोजपुरी के प्रसिद्ध कलाकारों द्वारा भजन संध्या प्रस्तुत की जाएगी। इस अवसर पर बिहार के प्रमुख तीर्थ स्थलों और मंदिरों से जुड़े संत एवं पुजारी भी शामिल होकर श्रद्धालुओं को आशीर्वचन देंगे।

आयोजन समिति और ट्रस्ट के सदस्यों ने पटना के विभिन्न मोहल्लों और मंदिरों में जाकर लोगों से संपर्क किया और इस महोत्सव को उत्सव के रूप में मनाने की अपील की। प्रमुख सदस्यों में अनिल कुमार शर्मा, कामेश्वर प्रसाद, दीपक बिहारी, कामाख्या नारायण तिवारी, राजेश सिंह, संजय सिंह, विजय सिंह, मनीष बरेठिया, बासु दत्त सिन्हा, रोहित शर्मा और रवि मोदी शामिल रहे।