ONGC बोकारो में अंबेडकर जयंती समारोह

Live ख़बर

ओएनजीसी सीबीएम एसेट में सांस्कृतिक कार्यक्रम व क्विज प्रतियोगिता आयोजित

Anjaan Jee : Editor in Chief & Publisher

बोकारो, 15 अप्रैल 2026

सीबीएम एसेट, ओएनजीसी, बोकारो द्वारा भारत रत्न भीमराव रामजी अंबेडकर की 135वीं जयंती हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में मनाई गई। यह आयोजन बोकारो स्टील सिटी स्थित सुविधि बैंक्वेट हॉल में किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी, उनके परिवारजन और स्थानीय विद्यालयों के छात्र शामिल हुए।

कार्यक्रम की शुरुआत से पहले मुख्य अतिथि टी. आर. उन्नीकृष्णन नायर (परिसंपत्ति प्रबंधक, सीबीएम एसेट, बोकारो) ने कार्यालय परिसर में विभिन्न विभागाध्यक्षों एवं अखिल भारतीय अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कर्मचारी कल्याण संघ के सदस्यों के साथ बाबा साहेब को श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद दीप प्रज्ज्वलन कर समारोह का औपचारिक उद्घाटन किया गया।

अपने संबोधन में मुख्य अतिथि ने कहा कि यह आयोजन केवल जयंती मनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को मुख्यधारा से जोड़ने के संकल्प का प्रतीक है। वहीं संघ के चेयरमैन आर. बी. सिंह ने अंबेडकर के संघर्षपूर्ण जीवन पर प्रकाश डालते हुए शिक्षा को समाज परिवर्तन का सबसे प्रभावी माध्यम बताया।

समारोह के दौरान स्थानीय विद्यालयों के छात्रों ने झारखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को प्रस्तुत करते हुए नागपुरी, संथाली और हो जैसे पारंपरिक आदिवासी नृत्य पेश किए। इसके साथ ही नशा मुक्ति पर आधारित नाट्य मंचन ने भी दर्शकों को प्रभावित किया।

इस अवसर पर अखिल भारतीय अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कर्मचारी कल्याण संघ, ओएनजीसी बोकारो के तत्वावधान में एक प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का उद्देश्य नई पीढ़ी को अंबेडकर के जीवन, संघर्ष और उनके आदर्शों से परिचित कराना था। विजेताओं को मुख्य अतिथियों द्वारा पुरस्कृत किया गया, जिससे प्रतिभागियों में विशेष उत्साह देखने को मिला।

कार्यक्रम का संचालन रितु ग्रेस बरला ने किया, जबकि स्वागत भाषण अजय कुमार दास और धन्यवाद ज्ञापन धवल होरो द्वारा प्रस्तुत किया गया। समारोह में एम्बिली नायर, अनीता यादव, डॉली कुमारी, बसंती मुण्डा, बिपिन कुमार, मानस कुमार राय, बिपिन प्रसाद, विकास चन्द्र सिंह, जयदीप भट्टाचार्जी, शिशिर रत्न करकेट्टा, योगो पूर्ति, जनमेजय महतो, संजय भारती, रामबृक्ष मुर्मु, सोना राम मुर्मु, नरेश ठाकुर सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।