– Santosh K Srivastav : Editor in Chief & Publisher
कार्यस्थल सुरक्षा, व्यावसायिक स्वास्थ्य और श्रमिक कल्याण को मजबूत बनाने पर हुआ मंथन, डीजीएमएस के सुझावों को लागू करने का भरोसा
रांची, 28 जुलाई 2026। सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) की 37वीं कॉर्पोरेट स्तरीय त्रिपक्षीय सुरक्षा समिति (Corporate-Level Tripartite Safety Committee) की बैठक मंगलवार को रांची में सफलतापूर्वक आयोजित की गई। बैठक में खान सुरक्षा महानिदेशालय (DGMS), सीसीएल प्रबंधन तथा सीसीएल सेफ्टी बोर्ड के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक की अध्यक्षता सीसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक (सीएमडी) निलेंदु कुमार सिंह ने की।
बैठक में सीसीएल की खदानों में लागू सुरक्षा मानकों, उनके अनुपालन तथा पिछली त्रिपक्षीय सुरक्षा समिति की बैठक में दिए गए सुझावों एवं अनुशंसाओं पर हुई प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। इसके साथ ही कार्यस्थल सुरक्षा, व्यावसायिक स्वास्थ्य (Occupational Health), वैधानिक अनुपालन (Statutory Compliance) तथा खदान कर्मियों के कल्याण को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए विभिन्न महत्वपूर्ण पहलुओं पर विचार-विमर्श किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ डीडीजी, सीजेड आर. टी. मंडेकर ने डीजीएमएस के अधिकारियों, सीसीएल के निदेशकगण, वरिष्ठ अधिकारियों एवं सेफ्टी बोर्ड के सदस्यों के साथ दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद डीजीएमएस के अधिकारियों और सेफ्टी बोर्ड के सदस्यों को शॉल एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया।
बैठक के प्रारंभिक सत्र में सेफ्टी बोर्ड के सदस्यों ने कोयला खदानों में सुरक्षा से जुड़े अपने अनुभव साझा करते हुए अनेक महत्वपूर्ण सुझाव दिए। इन सुझावों का बैठक में उपस्थित सभी प्रतिनिधियों ने स्वागत किया।
डीडीजी, एसईजेड एस. एस. प्रसाद ने अपने संबोधन में खदानों में कार्यरत महिला कर्मियों के लिए बेहतर आधारभूत संरचना एवं सुरक्षा सुविधाओं की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने वार्षिक पीएमई (Preliminary Medical Examination) के लिए आवश्यक चिकित्सा अवसंरचना को आधुनिक एवं अद्यतन बनाने का भी सुझाव दिया।
डीडीजी, सीजेड आर. टी. मंडेकर ने महिला कर्मियों के लिए पृथक शौचालयों के शीघ्र निर्माण, अत्याधुनिक वोकेशनल ट्रेनिंग सेंटर की स्थापना तथा नए श्रम संहिता के तहत व्यावसायिक सुरक्षा एवं स्वास्थ्य (OSH) से संबंधित विशेष टास्क फोर्स गठित कर उसे प्रभावी रूप से लागू करने का सुझाव दिया। उन्होंने विभिन्न औद्योगिक उपक्रमों में अपने अनुभवों के आधार पर कई व्यावहारिक सुझाव भी साझा किए, जिन्हें बैठक में सकारात्मक रूप से स्वीकार किया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए सीसीएल के सीएमडी निलेंदु कुमार सिंह ने डीजीएमएस के अधिकारियों, विशेषकर डीडीजी, सीजेड और डीडीजी, एसईजेड द्वारा श्रमिकों के हित में दिए गए सुझावों की सराहना की। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सभी उपयोगी सुझावों को निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार लागू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सीसीएल के लिए श्रमिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और सभी हितधारकों के सहयोग से सुरक्षित कार्य वातावरण सुनिश्चित करते हुए देश की ऊर्जा आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए कोयला उत्पादन लक्ष्य हासिल किया जाएगा।

