–लाइव ख़बर नेशन || राजेश मोहन सहाय
एनएच 32 पर नगेन मोड़ के समीप हुआ हादसा, एक महिला समेत चार लोग गंभीर, अस्पताल में भर्ती
बोकारो, 11 अक्टूबर 2026: झारखंड-पश्चिम बंगाल सीमा के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 32 (एनएच-32) पर एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक महिला सहित चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा पिंड्राजोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत नगेन मोड़ के पास घटित हुआ, जहाँ तेज गति से आ रहा एक अनियंत्रित ट्रेलर अचानक सड़क किनारे बनी दुकानों में जा घुसा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रेलर की रफ्तार काफी तेज थी और चालक ने अचानक वाहन पर से अपना नियंत्रण खो दिया। अनियंत्रित वाहन सीधे सड़क किनारे स्थित दुकानों को रौंदते हुए अंदर घुस गया। घटना के वक्त दुकानों और आसपास मौजूद लोग इसकी चपेट में आ गए। हादसे की आवाज सुनकर स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। सूचना मिलने के बाद पिंड्राजोरा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया, जहाँ उनका इलाज जारी है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटनाग्रस्त वाहन को जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।
