अवैध बालू और स्टोन चिप्स जब्त, प्राथमिकी दर्ज

Live ख़बर

– संतोष श्रीवास्तव की रिपोर्ट

नावाडीह के ऊपरघाट में खनन विभाग की छापेमारी, 10,800 घनफीट बालू जब्त

बोकारो, 25 अगस्त। बोकारो उपायुक्त के निर्देश पर खनन विभाग की टीम ने नावाडीह प्रखंड के ऊपरघाट क्षेत्र में अवैध खनन और खनिजों के अवैध भंडारण के खिलाफ सघन छापेमारी अभियान चलाया। पेंक नारायणपुर थाना क्षेत्र में अचानक हुई कार्रवाई से अवैध खनन और कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया।

खान निरीक्षक अजय कुमार महतो के नेतृत्व में टीम ने कंजकीरो-पेंक नारायणपुर मुख्य मार्ग पर कार्रवाई करते हुए अवैध स्टोन चिप्स लेकर जा रहे एक ट्रैक्टर को जब्त किया। जब्त वाहन को आवश्यक कार्रवाई के लिए पेंक नारायणपुर थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।

इसके बाद खनन विभाग की टीम ने गोनियाटो मेला टांड में छापेमारी की। यहां अवैध रूप से भंडारित करीब 10,800 घनफीट बालू बरामद कर जब्त किया गया। विभाग ने अवैध खनन और भंडारण से जुड़े मामले में पेंक नारायणपुर थाने में संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है।

अवैध खनन के खिलाफ अभियान जारी

पुलिस बल की मौजूदगी में चलाए गए इस अभियान के बाद खनन विभाग ने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध खनन, परिवहन और खनिजों के अवैध भंडारण के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

विभाग की इस कार्रवाई से अवैध बालू और स्टोन चिप्स के कारोबार में शामिल लोगों के बीच हड़कंप की स्थिति बनी हुई है। अधिकारियों ने नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है।

Verified by MonsterInsights