– संतोष श्रीवास्तव की रिपोर्ट
ट्यूब लीकेज की मरम्मत के बाद 350 मेगावाट उत्पादन शुरू, झारखंड समेत कई राज्यों को राहत
बोकारो थर्मल, 25 अगस्त। डीवीसी के बोकारो थर्मल पावर स्टेशन की 500 मेगावाट क्षमता वाली ए-प्लांट यूनिट में आई तकनीकी खराबी को अभियंताओं और मेंटेनेंस टीम की तत्परता से दूर कर लिया गया है। बॉयलर में हुए ट्यूब लीकेज की सफल मरम्मत के बाद यूनिट से बिजली उत्पादन फिर बहाल हो गया है। फिलहाल यूनिट से करीब 350 मेगावाट बिजली का उत्पादन सुचारू रूप से जारी है।
डीवीसी के मुख्य प्रबंधक एवं परियोजना प्रधान (एचओपी) सुशील कुमार अरजरिया ने बताया कि सोमवार को यूनिट को सफलतापूर्वक सिंक्रोनाइज कर दिया गया था। इसके बाद से 350 मेगावाट बिजली का उत्पादन लगातार जारी है। उन्होंने कहा कि प्रबंधन की योजनाबद्ध कार्यशैली और अभियंताओं व तकनीकी कर्मियों की तत्परता के कारण मरम्मत कार्य निर्धारित समय में पूरा किया जा सका।
शुक्रवार को आई थी तकनीकी खराबी
500 मेगावाट क्षमता वाली इस प्रमुख यूनिट के बॉयलर में शुक्रवार को अचानक ट्यूब लीकेज की समस्या उत्पन्न हो गई थी। शुक्रवार सुबह तक प्लांट से 364 मेगावाट बिजली का उत्पादन हो रहा था। इसके बाद दोपहर पौने दो बजे तक उत्पादन घटकर करीब 300 मेगावाट रह गया।
तकनीकी खराबी की पुष्टि होने के बाद अधिकारियों ने दोपहर करीब दो बजे यूनिट को बंद करने का निर्णय लिया। यूनिट के शटडाउन के बाद बॉयलर को पूरी तरह ठंडा किया गया, जिसके बाद मेंटेनेंस टीम ने ट्यूब लीकेज की मरम्मत का कार्य शुरू किया।
दिन-रात जुटी रही मेंटेनेंस टीम
बॉयलर के ठंडा होने के बाद अभियंताओं और तकनीकी कर्मियों की टीम ने दिन-रात काम कर खराबी को दूर किया। मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद यूनिट को निर्धारित प्रक्रिया के तहत दोबारा सिंक्रोनाइज किया गया और बिजली उत्पादन शुरू कर दिया गया।
बोकारो थर्मल की इस बड़ी यूनिट के बंद होने से झारखंड के अलावा दिल्ली, पंजाब और बिहार जैसे राज्यों की बिजली आपूर्ति पर भी असर पड़ने की आशंका थी। यूनिट के तय समय में दोबारा चालू होने से नेशनल ग्रिड से जुड़े राज्यों को राहत मिली है।
उत्पादन बढ़ने की उम्मीद
यूनिट से फिलहाल 350 मेगावाट बिजली का उत्पादन हो रहा है। तकनीकी खराबी दूर होने के बाद बिजली उत्पादन सामान्य स्थिति की ओर लौट रहा है। इससे प्लांट की उत्पादन क्षमता के बेहतर उपयोग के साथ संबंधित क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है।

