– संतोष श्रीवास्तव की रिपोर्ट
डीडीसी से मुलाकात में निष्पक्ष जांच का आश्वासन, सभी पक्षों को सुनने की बात
बोकारो, 25 अगस्त। चास नगर निगम की वार्ड पार्षद सह संयोजक गायत्री देवी महतो के नेतृत्व में संयुक्त संघर्ष समिति के प्रतिनिधिमंडल ने उप विकास आयुक्त (डीडीसी) शताब्दी मजूमदार से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने बोकारो के सिविल सर्जन डॉ. अभय भूषण प्रसाद पर लगाए गए मनमानी और भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच में हो रही देरी पर असंतोष जताया और जल्द निष्पक्ष जांच की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल ने डीडीसी को बताया कि गत 30 जुलाई को उपायुक्त, बोकारो ने सिविल सर्जन के विरुद्ध लगाए गए आरोपों की जांच के लिए उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार और जिला आपदा प्रबंधन पदाधिकारी शक्ति कुमार की दो सदस्यीय समिति गठित की थी। संघर्ष समिति की ओर से कहा गया कि एक माह बीतने के बाद भी समिति ने उनका पक्ष नहीं सुना है।
गायत्री देवी महतो ने कहा कि जांच प्रक्रिया में देरी से आम जनता और जनप्रतिनिधियों में निराशा है। उन्होंने सभी आरोपों और संबंधित बिंदुओं की पारदर्शी एवं त्वरित जांच कराने की मांग की, ताकि वास्तविक स्थिति सामने आ सके।
जांच में देरी का कारण बताया
डीडीसी शताब्दी मजूमदार ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि सिविल सर्जन के विरुद्ध लगाए गए सभी आरोपों की निष्पक्ष और सटीक जांच की जाएगी। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान सभी संबंधित पक्षों को अपना पक्ष रखने का अवसर दिया जाएगा।
डीडीसी ने बताया कि जांच समिति के सदस्य शक्ति कुमार प्रशिक्षण के सिलसिले में जिले से बाहर थे, जिसके कारण जांच प्रक्रिया में विलंब हुआ है। उन्होंने प्रतिनिधिमंडल को जांच प्रक्रिया आगे बढ़ाने का भरोसा दिया।
29 पार्षदों ने दिया है संयुक्त पत्र
संघर्ष समिति के सदस्यों ने बताया कि चास नगर निगम के 29 वार्ड पार्षदों के अलावा विभिन्न सामाजिक और राजनीतिक संगठनों की ओर से भी सिविल सर्जन के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर संयुक्त पत्र दिया गया है।
समिति ने कहा कि अब प्रतिनिधिमंडल राज्य के मंत्री योगेंद्र प्रसाद, सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी, सांसद ढुल्लू महतो, विधायक अनूप सिंह, पूर्व मंत्री सह विधायक उमाकांत रजक, श्वेता सिंह और जयराम महतो से मुलाकात कर सिविल सर्जन के खिलाफ कार्रवाई की मांग करेगा।
प्रतिनिधिमंडल में संयुक्त संघर्ष समिति की संयोजक एवं वार्ड पार्षद गायत्री देवी महतो, सहसंयोजक एवं वार्ड पार्षद राहुल कुमार, अभय कुमार मुन्ना, बालकृष्ण मुरारी, अशोक जगनानी, आजसू पार्टी बोकारो जिला कार्यकारी अध्यक्ष अशोक महतो, भाजपा बोकारो जिला के भानु प्रताप सिंह, चास प्रखंड के पूर्व प्रमुख निवारण सिंह चौधरी और झारखंड पेंशनर्स कल्याण समाज के सचिव मलिक प्रसाद यादव समेत अन्य लोग शामिल थे।

