9 अगस्त को बोकारो में सजेगा आदिवासी संस्कृति का भव्य महोत्सव, तैयारियों में जुटा प्रशासन

Live ख़बर

– Santosh K Srivastav : Editor in Chief & Publisher

बोकारो, 4 अगस्त : विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर 9 अगस्त को बोकारो में जनजातीय संस्कृति, कला और परंपराओं का भव्य उत्सव आयोजित किया जाएगा। टाउन हॉल स्थित शिबू सोरेन स्मृति भवन में प्रस्तावित ‘बोकारो आदिवासी महोत्सव’ जिले की समृद्ध जनजातीय विरासत, लोककला और पारंपरिक जीवनशैली को एक मंच पर प्रदर्शित करेगा।

महोत्सव की तैयारियों की समीक्षा के लिए मंगलवार को समाहरणालय सभागार में उपायुक्त अजय नाथ झा की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार, प्रशिक्षु आईएएस अरविंद राधाकृष्णन, अपर समाहर्ता सुनील चंद्र, जिला परिवहन पदाधिकारी मारुति मिंज, जिला शिक्षा पदाधिकारी प्रवीण रंजन, सिटी डीएसपी राजीव रंजन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में उपायुक्त अजय नाथ झा ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि आयोजन को जनजातीय समाज की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और गौरवशाली परंपराओं के अनुरूप पूरी गरिमा एवं भव्यता के साथ संपन्न कराया जाए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम स्थल को जनजातीय थीम के अनुरूप सजाया जाए और प्रत्येक गतिविधि में स्थानीय संस्कृति की झलक दिखाई दे।

Follow this link to JOIN our WhatsApp Community

महोत्सव के दौरान फाइन आर्ट्स प्रदर्शनी, लाइव पेंटिंग, पारंपरिक वाद्ययंत्रों की प्रस्तुतियां, जनजातीय हस्तशिल्प प्रदर्शनी तथा पारंपरिक व्यंजनों के स्टॉल आकर्षण का प्रमुख केंद्र होंगे। इसके अलावा स्थानीय लोक कलाकार अपनी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से आदिवासी समाज की समृद्ध परंपराओं और लोक जीवन को दर्शाएंगे।

उपायुक्त ने कहा कि यह महोत्सव केवल सांस्कृतिक आयोजन नहीं, बल्कि जिले के विभिन्न जनजातीय समुदायों की पहचान, परंपराओं और जीवन मूल्यों को व्यापक स्तर पर प्रस्तुत करने का महत्वपूर्ण मंच है। इससे स्थानीय कलाकारों, शिल्पकारों और लोक कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा तथा जनजातीय संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन को भी नई दिशा मिलेगी।

आयोजन को सफल एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए विभिन्न विभागों को अलग-अलग दायित्व सौंपे गए हैं। उपायुक्त ने सभी अधिकारियों को समयबद्ध ढंग से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि महोत्सव का सफल आयोजन हो सके।