– Santosh K Srivastav : Editor in Chief & Publisher
बोकारो, 4 अगस्त : चास स्थित रामरुद्र सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस परिसर में पद्मभूषण स्वर्गीय शिबू सोरेन की स्मृति में संचालित ‘गुरुजी रात्रि पाठशाला’ में मंगलवार को एक गरिमामय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ उपायुक्त अजय नाथ झा, उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार, प्रशिक्षु आईएएस अरविंद राधाकृष्णन, जिला शिक्षा पदाधिकारी प्रवीण रंजन तथा जिला शिक्षा अधीक्षक अतुल कुमार चौबे ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपायुक्त अजय नाथ झा ने कहा कि शिक्षा और नशामुक्ति ही एक समृद्ध, जागरूक और सशक्त समाज के निर्माण का आधार है। उन्होंने पद्मभूषण स्वर्गीय शिबू सोरेन के जीवन-संघर्ष को सामाजिक परिवर्तन और शिक्षा के प्रति समर्पण का प्रेरणादायी उदाहरण बताते हुए कहा कि उन्होंने अपनी व्यक्तिगत चुनौतियों को समाज के उत्थान का माध्यम बनाया और अशिक्षा दूर करने के लिए गांव-गांव में रात्रि पाठशालाओं की शुरुआत की।
Follow this link to JOIN our WhatsApp Community
उपायुक्त ने युवाओं से नशामुक्त जीवनशैली अपनाने, आत्मविश्वास विकसित करने और संविधान के मूल्यों के अनुरूप जीवन जीने का आह्वान किया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि गुरुजी रात्रि पाठशाला आने वाले समय में समाज के सभी वर्गों के लिए ज्ञान और जागरूकता का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगी।
उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार ने अपने संबोधन में स्वर्गीय शिबू सोरेन के संघर्षपूर्ण जीवन को याद करते हुए युवाओं से शिक्षा को अपनी सबसे बड़ी शक्ति बनाने और अपने अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति सजग रहने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने दिशोम गुरु शिबू सोरेन के जीवन और उनके सामाजिक योगदान पर अपने विचार प्रस्तुत किए। इस अवसर पर झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद द्वारा आयोजित निबंध प्रतियोगिता के 11 उत्कृष्ट प्रतिभागियों को मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
समारोह में जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह, डीडीएमओ शक्ति कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

