-लाइव ख़बर नेशन || संतोष श्रीवास्तव
‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ थीम पर प्रतियोगिताओं का दौर, फेस पेंटिंग और गायन में दिखा हुनर
रांची, 27 अक्टूबर 2026 : सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) मुख्यालय दरभंगा हाउस, रांची में दो दिवसीय सतर्कता जागरूकता महोत्सव-2026 का समापन विभिन्न रचनात्मक और सांस्कृतिक आयोजनों के साथ हुआ। “सत्यनिष्ठा से समृद्धि” (Probity for Prosperity) थीम पर आयोजित इस महोत्सव का उद्देश्य कला और सृजनात्मकता के माध्यम से कार्यक्षेत्र में पारदर्शिता, ईमानदारी और नैतिक मूल्यों को बढ़ावा देना था।
महोत्सव के दूसरे दिन फेस पेंटिंग और एकल गायन प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ, जिसमें प्रतिभागियों ने अपनी कलात्मक प्रतिभा और अभिव्यक्ति कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। आयोजन के दौरान लाइव पेंटिंग कार्यशाला विशेष आकर्षण का केंद्र बनी रही, जहां देशभर से आए कलाकारों ने कैनवास पर अपने रंगों के जरिए जीवंत प्रस्तुतियां दीं। रांची के विभिन्न स्कूलों से आए विद्यार्थियों के रचनात्मक प्रयासों की भी सराहना की गई।
समापन समारोह में प्रतियोगिताओं के निर्णायकों, कलाकारों और दो दिनों तक चली स्ट्रीट पेंटिंग, रंगोली, पॉट पेंटिंग, फेस पेंटिंग व गायन प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया। मुख्य सतर्कता अधिकारी (सीवीओ) पंकज कुमार ने सभी प्रतिभागियों, निर्णायकों और आयोजन टीम के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि सत्यनिष्ठा और पारदर्शिता को कार्यसंस्कृति का हिस्सा बनाना एक जिम्मेदार संगठन के लिए बेहद जरूरी है। राष्ट्रगान के साथ दो दिवसीय इस भव्य महोत्सव का समापन हुआ।

