पटना में स्नो बॉल आइसक्रीम यूनिट का लाइसेंस निलंबित: ₹80,720 का एक्सपायर्ड कच्चा माल नष्ट

Live ख़बर

-लाइव ख़बर नेशन || संतोष श्रीवास्तव

मनेर स्थित फैक्ट्री में मिलीं भारी कमियां, 260 किलो सड़ी-गली खाद्य सामग्री को गड्ढे में दबाया गया

पटना, 27 अक्टूबर 2026 : खाद्य सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर कड़ा प्रहार करते हुए खाद्य संरक्षा विभाग ने मेसर्स अनुज न्यूट्रिटेक प्राइवेट लिमिटेड की स्नो बॉल आइसक्रीम निर्माण इकाई पर बड़ी कार्रवाई की है। मनेर के माधोपुर स्थित इस कारखाने का निरीक्षण करने पहुंची जांच टीम को साफ-सफाई और सुरक्षा इंतजामों में भारी अनियमितताएं मिलीं, जिसके बाद इकाई का लाइसेंस निलंबित कर दिया गया। जांच के दौरान मौके से गुणवत्ता परीक्षण हेतु स्किम्ड मिल्क पाउडर का विधिक नमूना भी संग्रहित किया गया।

निरीक्षण के दौरान यूनिट में उत्पादों के सुरक्षित परिवहन हेतु उचित वाहनों का अभाव मिला। इसके अलावा निर्माण कार्य में इस्तेमाल हो रहे पानी की रासायनिक व माइक्रोबायोलॉजिकल जांच रिपोर्ट, कर्मचारियों के स्वास्थ्य प्रमाण-पत्र और स्वच्छता से जुड़े जरूरी दस्तावेज गायब मिले। साथ ही उत्पादों के रैपर पर पंजीकृत कार्यालय का सही पता अंकित करने की हिदायत दी गई।

कार्रवाई के दौरान कारखाने से 100 किलो बिना लेबल वाला स्किम्ड मिल्क पाउडर (कीमत ₹25,000), 120 किलो एक्सपायर्ड मैंगो पल्प (कीमत ₹36,000), 20 किलो एक्सपायर्ड ब्लैक करंट (कीमत ₹12,000) और 20 किलो एक्सपायर्ड चॉकलेट सब्स्टीट्यूट (कीमत ₹7,720) जब्त किया गया। इस प्रकार कुल 260 किलोग्राम अमानक व खराब सामग्री (अनुमानित मूल्य ₹80,720) को जमीन में गड्ढा खोदकर मिट्टी और राख डालकर पूरी तरह नष्ट कर दिया गया। प्रशासन ने फर्म को तय समय सीमा में सभी नियमों का पालन करने के कड़े निर्देश दिए हैं।

Verified by MonsterInsights