– Santosh K Srivastav : Editor in Chief & Publisher
‘हम आपको सुनते हैं’ कार्यक्रम में 33 मामलों की सुनवाई, जरूरतमंद महिला को तत्काल राहत देने का निर्देश
बोकारो, 24 जुलाई : बोकारो समाहरणालय में शुक्रवार को आयोजित ‘हम आपको सुनते हैं (लोक संवाद)’ कार्यक्रम में उपायुक्त अजय नाथ झा ने जिलेभर से आए लोगों की समस्याएं सुनीं और कई मामलों का मौके पर ही समाधान कराया। कार्यक्रम के दौरान कुल 33 जन शिकायतों पर सुनवाई की गई, जिनमें खाद्य आपूर्ति, राजस्व, सामाजिक सुरक्षा, भूमि विवाद, पेंशन, पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य और शिक्षा से जुड़े मामले प्रमुख रहे।
कार्यक्रम के दौरान चास प्रखंड के तेलडीह गांव की जीरा देवी ने उपायुक्त को बताया कि पति के निधन के बाद राशन कार्ड संबंधी त्रुटि के कारण उनका परिवार राशन के लाभ से वंचित है। उनकी समस्या सुनने के बाद उपायुक्त ने तत्काल जिला आपूर्ति पदाधिकारी को राशन कार्ड में आवश्यक संशोधन की प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि राशन कार्ड संशोधन की प्रक्रिया पूरी होने तक जीरा देवी के परिवार को आकस्मिक खाद्यान्न योजना के तहत तत्काल खाद्यान्न उपलब्ध कराया जाए, ताकि उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि उन्हें पात्रता के अनुसार सामाजिक सुरक्षा पेंशन एवं अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से भी प्राथमिकता के आधार पर जोड़ा जाए।
उपायुक्त अजय नाथ झा ने अधिकारियों से कहा कि जन शिकायतों का समाधान केवल औपचारिक प्रक्रिया न बनकर आम नागरिकों को समयबद्ध, पारदर्शी और मानवीय तरीके से राहत दिलाने का माध्यम होना चाहिए। उन्होंने सभी विभागों को शिकायतों के त्वरित निष्पादन और जवाबदेही के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
लोक संवाद कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से संबंधित 33 मामलों की सुनवाई कर कई शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि शेष मामलों के शीघ्र समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार, अपर समाहर्ता सुनील चंद्र, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, प्रभारी पदाधिकारी (जन शिकायत) हेमलता बून, एडीएसएस शुचिता किरण, डीडीएमओ शक्ति कुमार, जेएएस प्रोबेशनर अधिकारी तथा विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

