– Santosh K Srivastav : Editor in Chief & Publisher
बोकारो थर्मल पावर प्लांट से ऐश पॉन्ड तक बिछेगी नई पाइपलाइन, पहले चरण में साढ़े तीन किलोमीटर जर्जर लाइन बदली जाएगी
बोकारो थर्मल, 24 जुलाई: डीवीसी बोकारो थर्मल पावर प्लांट से ऐश पॉन्ड तक जाने वाली वर्षों पुरानी एवं जर्जर पाइपलाइन को बदलने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए लगभग 80 लाख रुपये की लागत वाली नई पाइपलाइन परियोजना का शुक्रवार को शिलान्यास किया गया। इस परियोजना के पूरा होने से पाइपलाइन लीकेज की समस्या से राहत मिलेगी और ऐश के सुरक्षित निस्तारण की व्यवस्था अधिक प्रभावी होगी।
बाजारटांड़ स्थित क्यूटिज प्ले स्कूल के समीप आयोजित शिलान्यास समारोह में डीवीसी के हेड ऑफ प्रोजेक्ट (एचओपी) सुशील कुमार अरजरिया, वरीय प्रबंधक (ओएंडएम) मधुकर श्रीवास्तव, जीएम एस.के. महापात्र, राजेश विश्वास, नरेश मुरस्कर एवं सोमेन मंडल ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भूमि पूजन और नारियल फोड़कर परियोजना का शुभारंभ किया।
एचओपी सुशील कुमार अरजरिया ने बताया कि पावर प्लांट से ऐश पॉन्ड तक जाने वाली यह पाइपलाइन निर्माण के बाद से कभी बदली नहीं गई थी। लगातार उपयोग के कारण पाइपलाइन जर्जर हो चुकी थी और कई स्थानों पर लीकेज तथा पाइप फटने की घटनाएं सामने आ रही थीं। पर्यावरणीय दृष्टि से इस समस्या को गंभीर मानते हुए प्रबंधन ने प्राथमिकता के आधार पर नई पाइपलाइन बिछाने का निर्णय लिया है।
उन्होंने बताया कि परियोजना के पहले चरण में लगभग साढ़े तीन किलोमीटर लंबी पुरानी पाइपलाइन को पूरी तरह बदल दिया जाएगा। इसके बाद शेष हिस्सों को भी चरणबद्ध तरीके से नई पाइपलाइन से प्रतिस्थापित किया जाएगा।
भविष्य की योजना का उल्लेख करते हुए एचओपी ने कहा कि वर्तमान में सार्वजनिक एवं निजी क्षेत्रों से गुजर रही पूरी पाइपलाइन को आगे चलकर डीवीसी की अपनी भूमि पर स्थानांतरित किया जाएगा, जिससे आम लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और रखरखाव का कार्य भी अधिक सुगमता से किया जा सके।
कार्यक्रम में डीजीएम अखिलेंदु सिंह, सुरजीत सिंह, शैलेंद्र कुमार, अजय केश, सीएसआर के वरीय प्रबंधक मनीष कुमार चौधरी, संदीप भगत, सचिन बोदलकर, प्रकाश ठाकुर, जसीम अहमद, प्रशांत कुमार, ए.के. चौबे, पी.के. सिंह, सूरज कुमार तिवारी सहित डीवीसी के अनेक अधिकारी, अभियंता एवं कर्मचारी तथा कार्यदायी संस्था ताज टेक्नो कंपनी के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
एसटीपी परियोजना का कार्य भी हुआ शुरू
इधर, बोकारो थर्मल में डीवीसी की एसटीपी (सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट) परियोजना का निर्माण कार्य भी शुक्रवार से दोबारा शुरू हो गया। यह कार्य पिछले लगभग दस दिनों से बंद था। गुरुवार को एचओपी सुशील कुमार अरजरिया ने कार्यदायी कंपनी के जीएम राजेश के साथ बैठक कर सुरक्षा एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं का आश्वासन दिया, जिसके बाद कंपनी ने शुक्रवार से निर्माण कार्य पुनः प्रारंभ कर दिया।

