– Santosh K Srivastav : Editor in Chief & Publisher
वैश्विक चुनौतियों के बीच सेल का शानदार प्रदर्शन, शुद्ध लाभ 138% बढ़कर 1,636 करोड़ रुपये; टर्नओवर 26,246 करोड़ रुपये के पार
बोकारो/नई दिल्ली, 24 जुलाई: देश की अग्रणी सार्वजनिक क्षेत्र की इस्पात कंपनी स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) ने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही (अप्रैल-जून 2026) के वित्तीय परिणामों में उल्लेखनीय प्रदर्शन दर्ज किया है। वैश्विक आर्थिक अनिश्चितताओं और भू-राजनीतिक तनावों के बावजूद कंपनी ने परिचालन दक्षता, लागत नियंत्रण और प्रभावी रणनीति के दम पर रिकॉर्ड मुनाफा हासिल किया है।
कंपनी के जारी वित्तीय परिणामों के अनुसार, 30 जून 2026 को समाप्त पहली तिमाही में कर-पश्चात शुद्ध लाभ (PAT) बढ़कर 1,636 करोड़ रुपये हो गया, जो पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही के 685 करोड़ रुपये की तुलना में लगभग 138 प्रतिशत अधिक है।
सेल का परिचालन से कुल कारोबार (टर्नओवर) पहली तिमाही में 26,246 करोड़ रुपये दर्ज किया गया, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में यह 25,921 करोड़ रुपये था। वहीं ईबीआईटीडीए (EBITDA) बढ़कर 4,356 करोड़ रुपये पहुंच गया, जो पिछले वर्ष की पहली तिमाही में 2,925 करोड़ रुपये था। कंपनी का कर-पूर्व लाभ (PBT) भी बढ़कर 2,159 करोड़ रुपये हो गया, जबकि एक वर्ष पहले यह 890 करोड़ रुपये था।
समय से पहले मेंटेनेंस का मिलेगा लाभ
कंपनी ने वैश्विक सप्लाई चेन में संभावित बाधाओं और भू-राजनीतिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए अपने प्रमुख इस्पात संयंत्रों में आवश्यक मरम्मत एवं मेंटेनेंस कार्य निर्धारित समय से पहले ही पहली तिमाही में पूरा कर लिया। इसके कारण पहली तिमाही में कच्चा इस्पात उत्पादन 4.76 मिलियन टन तथा विक्रय मात्रा 4.16 मिलियन टन रही, जो पिछले वर्ष की तुलना में मामूली कम रही।
हालांकि, कंपनी का मानना है कि इस रणनीतिक तैयारी का सकारात्मक प्रभाव आगामी तिमाहियों में देखने को मिलेगा और उत्पादन अधिक स्थिर एवं बेहतर रहेगा।
घरेलू मांग बनी मजबूती का आधार
सेल के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक डॉ. अशोक कुमार पंडा ने वित्तीय परिणामों पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि वैश्विक अनिश्चितताओं के बावजूद भारत में इस्पात की लगातार बढ़ती मांग ने उद्योग को मजबूती प्रदान की है। उन्होंने कहा कि परिचालन दक्षता, विवेकपूर्ण लागत नियंत्रण और प्रभावी विपणन रणनीतियों के कारण कंपनी पहली तिमाही में बेहतर वित्तीय प्रदर्शन करने में सफल रही।
उन्होंने विश्वास जताया कि सेल अपनी मजबूत उत्पादन क्षमता और बढ़ती घरेलू मांग का लाभ उठाते हुए आने वाली तिमाहियों में भी बेहतर प्रदर्शन जारी रखेगी तथा देश के औद्योगिक विकास में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती रहेगी।

