-संतोष श्रीवास्तव की रिपोर्ट
बैंक, एटीएम और एलआईसी कार्यालयों में सुरक्षा मानकों की हुई जांच; आपातकालीन नंबर प्रदर्शित करने का फरमान जारी
बोकारो, 27 सितंबर 2026: जिले में आर्थिक एवं वित्तीय संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक व्यापक और सघन जांच अभियान चलाया गया। इस विशेष अभियान के तहत जिले के सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ), पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) तथा विभिन्न थाना क्षेत्रों के प्रभारियों ने एक साथ अपने-अपने क्षेत्रों में स्थित बैंकों, एटीएम, एलआईसी कार्यालयों और अन्य वित्तीय संस्थानों की सुरक्षा का विस्तृत जायजा लिया। इस दौरान प्रतिष्ठानों में लगे सीसीटीवी कैमरे, इमरजेंसी अलार्म सिस्टम, तैनात सुरक्षा गार्डों की तत्परता तथा आपातकालीन सुरक्षा मानकों की बारीकी से पड़ताल की गई।
निरीक्षण के दौरान जिन संस्थानों में सुरक्षा को लेकर छोटी-मोटी खामियां या लापरवाही देखने को मिली, उनके प्रबंधकों को फौरन सुधार करने का कड़ा निर्देश दिया गया। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सभी वित्तीय संस्थानों की दीवारों पर संबंधित थाना प्रभारी, पुलिस कंट्रोल रूम, अग्निशमन विभाग (फायर ब्रिगेड) और आपातकालीन नंबर ‘डायल 112’ को बड़े व स्पष्ट अक्षरों में प्रदर्शित करना अनिवार्य होगा, ताकि संकट की स्थिति में आमजन व कर्मचारी त्वरित संपर्क कर सकें।
इसके साथ ही बैंक और वित्तीय संस्थानों के प्रबंधकों को संदिग्ध गतिविधियों और संदिग्ध व्यक्तियों की सूचना बिना देरी किए नजदीकी थाने को देने तथा सुरक्षा कैमरों का बैकअप कम से कम 15 दिनों तक सुरक्षित रखने की हिदायत दी गई है। वहीं, अपराध नियंत्रण और सुरक्षा को पुख्ता रखने के लिए सभी थाना प्रभारियों को संबंधित संस्थानों में लगे क्यूआर (QR) कोड की स्कैनिंग करते हुए निरंतर पेट्रोलिंग करने तथा शाखा प्रबंधकों के साथ लगातार समन्वय बनाए रखने का निर्देश जारी किया गया है।
