– संतोष श्रीवास्तव की रिपोर्ट
सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड की सीएसआर पहल का शुभारंभ, 10 डीएवी केंद्रों पर विशेषज्ञ शिक्षकों से मिलेगा डिजिटल और शैक्षणिक मार्गदर्शन
रांची, 27 सितम्बर 2026 : सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) ने अपनी कॉर्पोरेट सामाजिक जिम्मेदारी (सीएसआर) के तहत मेधावी छात्रों के सपनों को पंख देने के लिए “सीसीएल विद्या सारथी-2026” योजना का औपचारिक शुभारंभ किया। मुख्य उद्घाटन समारोह सीसीएल के लाल हॉस्टल (गांधीनगर, रांची) में संपन्न हुआ। इसके साथ ही संस्थान के विभिन्न कमांड क्षेत्रों में संचालित सभी 10 डीएवी प्रशिक्षण केंद्रों पर भी इस महत्वाकांक्षी पहल की शुरुआत कर दी गई।
इस दूरदर्शी परियोजना के माध्यम से 400 चयनित विद्यार्थियों को अगले दो वर्षों तक राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित प्रवेश परीक्षाओं—जेईई (JEE) और नीट (NEET) की तैयारी हेतु पूरी तरह निःशुल्क कोचिंग, विशेषज्ञ मार्गदर्शन व डिजिटल अध्ययन सहायता प्रदान की जाएगी। इसका प्राथमिक उद्देश्य आर्थिक व सामाजिक रूप से सामान्य या वंचित पृष्ठभूमि से आने वाले प्रतिभाशाली बच्चों को उच्च स्तरीय प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार करना है।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के सुचारु संचालन के लिए सीसीएल कमांड क्षेत्र के 10 डीएवी स्कूलों को केंद्र बनाया गया है। इनमें रांची, कुजू, बरकाकाना, ढोरी, गिरिडीह, रजरप्पा, कथारा, अरगड़ा, हजारीबाग और पिपरवार शामिल हैं। अकेले रांची केंद्र के लिए 60 विद्यार्थियों का चयन हुआ है। शुभारंभ कार्यक्रम में चयनित छात्रों ने अपने अभिभावकों के साथ भाग लिया, जहां उनमें अपने उज्ज्वल भविष्य को लेकर भारी उत्साह देखा गया। विद्यार्थियों को विशेषज्ञ फैकल्टी, उच्च स्तरीय अध्ययन सामग्री, डिजिटल लर्निंग सपोर्ट और निरंतर टेस्ट-मूल्यांकन के जरिए तैयार किया जाएगा।
समारोह को संबोधित करते हुए निदेशक (मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि अनुशासन, अटूट लगन और कठिन परिश्रम ही किसी भी बड़े लक्ष्य को हासिल करने की कुंजी है। वहीं मुख्य सतर्कता अधिकारी (सीवीओ) पंकज कुमार ने छात्रों को प्रेरित करते हुए रेखांकित किया कि सही मार्गदर्शन, आत्मविश्वास और नियमित अभ्यास से कठिन से कठिन मुकाम भी पाया जा सकता है।
कार्यक्रम में महाप्रबंधक (सीएसआर) एस एस लाल, महाप्रबंधक (कल्याण) संजय कुमार ठाकुर, नेशनल कंप्यूटर साक्षरता मिशन (NCSM) के प्रतिनिधि, ‘सीसीएल के लाल’ एवं ‘सीसीएल की लाडली’ के फैकल्टी सदस्य तथा अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
नेशनल कंप्यूटर साक्षरता मिशन के तकनीकी व शैक्षणिक सहयोग से संचालित यह योजना वंचित क्षेत्रों में शिक्षा के स्तर को ऊपर उठाने तथा युवाओं को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी।
