-एस०एन०चतुर्वेदी की रिपोर्ट
विभिन्न हिंदी प्रतियोगिताओं के विजेता सम्मानित, देश के नामचीन कवियों ने काव्य पाठ से बांधा समां
बाढ़ (पटना), 27 सितंबर 2026: एनटीपीसी बाढ़ सुपर थर्मल पावर प्रोजेक्ट परिसर स्थित चाणक्य सभागार में राजभाषा पखवाड़ा-2026 का समापन-सह-पुरस्कार वितरण समारोह एवं अखिल भारतीय कवि सम्मेलन पूरी भव्यता के साथ संपन्न हुआ। इस पखवाड़े के दौरान हिंदी टिप्पणी-प्रारूपण, भाषा ज्ञान, वर्तनी संशोधन, कविता पाठ, निबंध लेखन के साथ-साथ डिजिटल युग की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए पोस्टर और रील निर्माण जैसी विविध प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया था। इन प्रतियोगिताओं में परियोजना के कर्मचारियों, गृहिणियों, परिजनों सहित नोट्रेडेम अकादमी के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। समापन समारोह में सभी उत्कृष्ट प्रतिभागियों एवं विजेताओं को सम्मानित कर पुरस्कार प्रदान किए गए।
समारोह के मुख्य आकर्षण के रूप में अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का आयोजन हुआ, जिसमें देशभर के प्रख्यात रचनाकारों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। मंच पर सोनभद्र से पधारे कमलेश राजहंस, नोएडा से डॉ. विष्णु सक्सेना, उज्जैन से दिनेश दिग्गज, मुंबई से महेश दुबे, दिल्ली से विनय विनम्र तथा नैनीताल से गौरी मिश्रा ने एक से बढ़कर एक उत्कृष्ट रचनाएं प्रस्तुत कीं। कवियों द्वारा प्रस्तुत हास्य-व्यंग्य, प्रेम, राष्ट्रप्रेम और समकालीन सामाजिक सरोकारों से ओत-प्रोत कविताओं ने सभागार में उपस्थित श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।

कार्यक्रम में बतौर मुख्य नेतृत्वकर्ता कार्यकारी निदेशक सी. सत्य रामा कृष्ण, प्रचालन एवं अनुरक्षण के मुख्य महाप्रबंधक हरेकृष्ण जेना, अनुरक्षण एवं एडीएम महाप्रबंधक अजीत कुमार सिंह, रसायन महाप्रबंधक राजीब कुमार मुखोपाध्याय सहित कई वरिष्ठ अधिकारी, यूनियन एवं एसोसिएशन के प्रतिनिधि, कर्मचारी और उनके परिवारजन उपस्थित रहे। समारोह का सुचारु संचालन राजभाषा अनुभाग की ओर से किया गया।
