–लाइव ख़बर नेशन || एस०एन०चतुर्वेदी
बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है दशहरा, पर्व लाते हैं नई उम्मीद और जागृति: राज्यपाल
पटना, 11 अक्टूबर 2026: राजधानी पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में कला एवं संस्कृति विभाग तथा श्रीकृष्ण स्मारक विकास समिति (पटना प्रमंडल) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित भव्य ‘दशहरा महोत्सव’ का शुभारंभ हो गया। इस सांस्कृतिक उत्सव का औपचारिक उद्घाटन राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैयद अता हसनैन ने किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेशवासियों को नवरात्रि और दशहरा पर्व की हार्दिक बधाई दी।
समारोह को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि दशहरा केवल एक त्योहार नहीं, बल्कि बुराई पर अच्छाई और असत्य पर सत्य की विजय का शाश्वत संदेश है। यह उत्सव समाज में नई ऊर्जा, सकारात्मक सोच, अटूट भरोसा और उम्मीद का संचार करता है। उन्होंने रेखांकित किया कि हमारे पारंपरिक पर्व सामाजिक समरसता और पारिवारिक एकजुटता को प्रगाढ़ करने का सशक्त माध्यम हैं। ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी को अपनी समृद्ध सांस्कृतिक जड़ों और जीवन-मूल्यों को गहराई से समझने का अवसर मिलता है।

कार्यक्रम में कला, संस्कृति एवं युवा विभाग के सचिव प्रणव कुमार ने कहा कि दशहरा महोत्सव बिहार की गौरवशाली और समृद्ध सांस्कृतिक पहचान को अक्षुण्ण रखने तथा इसे आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने का एक बेहतरीन मंच है। पटना के जिलाधिकारी कुंदन कुमार ने मुख्य अतिथि राज्यपाल सहित सभी गणमान्य लोगों का स्वागत करते हुए आभार जताया। समारोह में पटना प्रमंडल आयुक्त राजेश कुमार, पुलिस महानिरीक्षक जितेंद्र राणा सहित कई वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी और भारी संख्या में शहरवासी उपस्थित रहे।
