–लाइव ख़बर नेशन || एस०एन०चतुर्वेदी
पंचायत सरकार भवन, विवाह मंडप और तोरणद्वार निर्माण का प्रस्ताव पास, पीएम आवास योजना के 700 लाभुकों का चयन
पंडारक (पटना), 11 अक्टूबर 2026: पटना जिले के पंडारक प्रखंड अंतर्गत दरवे-भदौर पंचायत के चहुंमुखी विकास और स्थानीय नागरिकों की बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करने के संकल्प को दोहराते हुए मुखिया नीतेश कुमार ने कहा कि जनता का भरोसा ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने बताया कि पंचायत में जल्द ही आधुनिक पंचायत सरकार भवन, विवाह मंडप तथा श्रीराम जानकी मंदिर के पास भव्य तोरणद्वार का निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। पंचायत के प्रत्येक नागरिक की समस्याओं का समाधान करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
गत 27 सितंबर को भदौर स्थित श्रीमती राधिका देवी उच्च माध्यमिक विद्यालय में आयोजित ग्राम सभा की बैठक में इन तीनों महत्वाकांक्षी विकास योजनाओं का प्रस्ताव पारित किया गया था। इन योजनाओं के त्वरित क्रियान्वयन के लिए प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ), प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी (बीपीआरओ) तथा अंचलाधिकारी (सीओ) को औपचारिक रूप से सूचित कर दिया गया है।
ग्राम सभा की बैठक में नए सर्वेक्षण के आधार पर प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के पात्र लाभार्थियों की सूची भी जारी की गई। इसमें निर्धारित मानकों के तहत सामान्य वर्ग से 521 और अनुसूचित जाति व जनजाति वर्ग से 179 लाभुकों का चयन किया गया है। बैठक में पंचायत सचिव राहुल कुमार, आवास सहायक राघवेंद्र, पीआरएस पंकज कुमार, सरपंच घंटू सिंह, पंचायत समिति सदस्य अनिल सिंह, वार्ड सदस्य राम ईश्वर महतो, कमलेश महतो, परमानंद महतो, दिलीप रजक, शंकर बरे, मुन्नी महतो, रवीन्द्र राम, मुकेश कुमार, रंजीत सिंह, अंजय सिंह, राजेश कुमार और रंजीत पासवान सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। मुखिया ने दोहराया कि आगामी चुनावों से पूर्व सभी प्रमुख निर्माण कार्यों को पूरा कर जनता को समर्पित किया जाएगा।
