लल्लू मुखिया के कार्यालय में राजद प्रत्याशी दिलीप पटेल का भव्य स्वागत

Live ख़बर

-एस०एन०चतुर्वेदी की रिपोर्ट

स्नातक निर्वाचन क्षेत्र को लेकर कार्यकर्ताओं संग सीधा संवाद, एकजुटता का लिया संकल्प

बाढ़ (पटना), 21 सितंबर: राजद संगठन के जिला कार्यकर्ताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक एनएच-31 स्थित गोपाला गौशाला के समीप राजद के पूर्व प्रत्याशी कर्णवीर सिंह यादव उर्फ लल्लू मुखिया के निजी कार्यालय में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता रामनरेश प्रसाद राही ने की। इस अवसर पर स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से राजद के एमएलसी प्रत्याशी दिलीप पटेल ने बाढ़ अनुमंडल के राजद पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ सीधा संवाद स्थापित किया।

बैठक को संबोधित करते हुए एमएलसी प्रत्याशी दिलीप पटेल ने सभी कार्यकर्ताओं से आपसी मतभेद भुलाकर एकजुट होने तथा स्नातक मतदाताओं से सघन संपर्क और संवाद अभियान चलाने की अपील की।

इस दौरान राजद के वरिष्ठ नेता धर्मवीर सिंह यादव और रामनरेश प्रसाद राही ने प्रत्याशी दिलीप पटेल को पुष्प गुच्छ व अंगवस्त्र भेंट कर उनका औपचारिक अभिनंदन किया। धर्मवीर सिंह यादव के नेतृत्व में उपस्थित दर्जनों कार्यकर्ताओं और लल्लू मुखिया के समर्थकों ने प्रत्याशी को फूल-मालाओं से लाद दिया तथा पार्टी और शीर्ष नेतृत्व के समर्थन में जमकर नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं ने चुनाव में पूरी ताकत झोंकने और एमएलसी प्रत्याशी की ऐतिहासिक जीत सुनिश्चित करने के लिए हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

Verified by MonsterInsights