राँची में बंद मकान से 32 हजार की चोरी, चोरों ने तोड़ा ताला

Live ख़बर

-संतोष श्रीवास्तव की रिपोर्ट

बीआईटी मेसरा के नीम टांड़ में किराए के घर को बनाया निशाना, जांच में जुटी पुलिस

राँची, 27 सितंबर 2026: राजधानी राँची के बी.आई.टी. मेसरा थाना क्षेत्र अंतर्गत नीम टांड़ (छुतु) इलाके में अज्ञात चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाते हुए नकदी की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। यह घटना देवी मंदिर के समीप स्थित एक किराए के मकान में घटी, जहां किराएदार की गैरमौजूदगी का फायदा उठाकर चोरों ने मुख्य द्वार और कमरे का ताला तोड़ डाला। पीड़ित किराएदार ने इस संबंध में स्थानीय थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।

प्राप्त विवरण के अनुसार, बिहार के जहानाबाद जिले के काको थाना क्षेत्र निवासी नीरज कुमार वर्तमान में नीम टांड़ स्थित पुष्पा कुमारी के मकान में किराए पर रहकर जीवन-यापन करते हैं। 26 सितंबर की रात वे आवश्यक कार्यवश कमरे से बाहर गए हुए थे। मूसलाधार बारिश होने के कारण वे अपनी नकदी कमरे में ही छोड़ गए थे। इसी दौरान अज्ञात अपराधियों ने चहारदीवारी के मुख्य गेट और कमरे का ताला काटकर भीतर प्रवेश किया।

चोरों ने अलमारी, अटैची व अन्य सामानों को पूरी तरह खंगाल डाला और पर्स में रखे ₹12,000 तथा अटैची से ₹20,000 सहित कुल ₹32,000 की नकदी लेकर चंपत हो गए। 27 सितंबर की सुबह जब पीड़ित अपने कमरे पर पहुंचे, तो ताला टूटा और सामान बिखरा देख उन्हें चोरी का पता चला। इसके बाद उन्होंने बी.आई.टी. मेसरा थाने में लिखित आवेदन देकर अज्ञात चोरों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

Verified by MonsterInsights