– Santosh K Srivastav : Editor in Chief & Publisher
बोकारो पुलिस ने प्रतिबिंब ऐप के इनपुट पर की बड़ी कार्रवाई, टूर-ट्रैवेल्स एजेंट और बैंककर्मी बनकर ठगी करने वाले नौ आरोपी गिरफ्तार
बोकारो, 16 जुलाई। बोकारो पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए टूर-ट्रैवेल्स एजेंट और बैंक अधिकारी बनकर लोगों से ठगी करने वाले नौ शातिर साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। प्रतिबिंब ऐप से मिले तकनीकी इनपुट के आधार पर पुलिस ने सेक्टर-12 और माराफारी थाना क्षेत्र में संयुक्त छापेमारी कर आरोपियों को दबोचा। कार्रवाई के दौरान मोबाइल फोन, सिम कार्ड, बैंक पासबुक, डेबिट कार्ड, नकदी और फर्जी दस्तावेज सहित कई आपत्तिजनक सामान बरामद किए गए हैं।
बोकारो के पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा ने पत्रकारों को बताया कि पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय/सीसीआर) रामप्रवेश कुमार के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने 15 और 16 जुलाई 2026 की मध्य रात्रि में सेक्टर-12 और माराफारी थाना क्षेत्र के बारी कोऑपरेटिव तथा रितुडीह राजेंद्र नगर में छापेमारी की। इस दौरान साइबर ठगी में संलिप्त नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि सभी आरोपी खुद को आर.एम. टूर एंड ट्रैवेल्स का एजेंट अथवा बैंक अधिकारी बताकर लोगों का विश्वास जीतते थे। इसके बाद फर्जी पहचान और झूठे बहानों का सहारा लेकर बैंकिंग संबंधी जानकारी प्राप्त कर साइबर ठगी की वारदातों को अंजाम देते थे।
इस मामले में साइबर थाना कांड संख्या 24/2026 दर्ज किया गया है। आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), दूरसंचार अधिनियम-2023 तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
छापेमारी में बड़ी बरामदगी
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सिम लगे 10 मोबाइल फोन, 9 अतिरिक्त सिम कार्ड, 18 बैंक पासबुक, 3 चेकबुक, 10 डेबिट कार्ड, 43,100 रुपये नकद, पैन कार्ड तथा फर्जी दस्तावेज बरामद किए हैं। जांच के दौरान कई बैंक खातों से लाखों रुपये के संदिग्ध लेन-देन की जानकारी भी सामने आई है। पुलिस ने इन खातों को तत्काल प्रभाव से होल्ड कराकर जांच शुरू कर दी है।

कई जिलों के आरोपी गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों में बोकारो के सेक्टर-3/डी निवासी सिंह सम्राट कुमार विनय के अलावा बिहार के पटना, नवादा और जमुई जिलों के निवासी निरंजा कुमार, सुदामा कुमार, नितिश कुमार, सुबोध कुमार, प्रेमचंद्र कुमार, धर्मराज कुमार, ब्रजेश कुमार तथा रवि प्रभाकर शामिल हैं। पुलिस अब गिरोह के नेटवर्क और अन्य राज्यों से संभावित कनेक्शन की भी जांच कर रही है।
मकान मालिकों को पुलिस की चेतावनी
इस कार्रवाई के बाद बोकारो पुलिस ने मकान मालिकों के लिए भी सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं। पुलिस ने कहा है कि किरायेदार रखने से पहले थाना स्तर पर उपलब्ध सत्यापन प्रपत्र भरकर पुलिस सत्यापन अनिवार्य रूप से कराएं। यदि किराए के मकान में किसी प्रकार की संदिग्ध या गैर-कानूनी गतिविधि पाई जाती है तो संबंधित मकान मालिक के विरुद्ध भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपनी बैंकिंग या व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें। किसी भी प्रकार की साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं अथवा निकटतम साइबर थाने से संपर्क करें।
