उत्पादन के बावजूद सुविधाओं की अनदेखी, बीएकेएस ने किया आंदोलन का ऐलान

Live ख़बर

– संतोष श्रीवास्तव की रिपोर्ट

बोकारो इस्पात संयंत्र के एचआरसीएफ विभाग में बदहाल कार्यस्थल और उपेक्षा पर कर्मचारियों में भारी आक्रोश

बोकारो, 23 अगस्त: बोकारो इस्पात संयंत्र (बीएसएल) के अनाधिशासी कर्मचारी संघ (बीएकेएस) की विभागीय बैठक एचआरसीएफ कैंटीन परिसर में आयोजित की गई। बैठक में कर्मचारियों ने प्रबंधन की कथित उपेक्षापूर्ण नीतियों, बदहाल कार्यस्थल और अधिकारियों के असहयोगात्मक रवैये को लेकर कड़ा रोष व्यक्त करते हुए चरणबद्ध संघर्ष का ऐलान किया।

बैठक में कर्मचारियों ने समस्याओं को साझा करते हुए बताया कि बेहतर उत्पादन के बावजूद बुनियादी सुविधाओं की भारी कमी है। विभाग में शेड की जर्जर छतों से बारिश का पानी टपकता है, क्रेन ऑपरेटरों को टूटी कुर्सियों और अत्यधिक गर्मी के बीच जोखिम में काम करना पड़ रहा है, वहीं पीने के पानी के प्यूरीफायर व शौचालय लंबे समय से खराब पड़े हैं।

इसके अलावा इंसेंटिव व रिवॉर्ड फॉर्मूले में संशोधन न होने, एक्टिंग अलाउंस दिए बिना वरिष्ठ पदों का कार्य कराने और घटते मैनपावर के कारण कर्मचारियों पर बढ़ते कार्यभार का मुद्दा भी उठाया गया। कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि वाजिब हक मांगने पर अधिकारियों द्वारा ट्रांसफर की धमकी दी जाती है।

बैठक में यूनियन के महासचिव हरिओम, कोषाध्यक्ष राहुल साव, एचएसएम प्रतिनिधि शत्रुंजय सिंह और एचआरसीएफ प्रतिनिधि संजीत सिंह उपस्थित रहे। वक्ताओं ने कहा कि कुशल प्रबंधन वही है जो कर्मचारियों की संतुष्टि, सुरक्षा और बेहतर कार्य माहौल को धरातल पर प्राथमिकता दे।