– संतोष श्रीवास्तव की रिपोर्ट
बोकारो स्टील प्लांट में विशेष कार्यशाला आयोजित, 45 प्रतिभागियों ने ली सत्यनिष्ठा की शपथ
बोकारो, 03 सितंबर 2026: बोकारो स्टील प्लांट (बीएसएल) के सतर्कता विभाग द्वारा सतर्कता जागरूकता सप्ताह 2026 और वर्तमान में संचालित तीन माह के निवारक सतर्कता अभियान के अंतर्गत एक दिवसीय विशेष कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। सीएंडआईटी (C&IT) विभाग के तकनीकी सहयोग से गुरुवार को साइबर सुरक्षा एवं साइबर स्वच्छता विषय पर आयोजित इस प्रशिक्षण सत्र का प्राथमिक उद्देश्य संयंत्र के अधिकारियों एवं कर्मियों को डिजिटल जोखिमों के प्रति सजग करना तथा संगठन के भीतर निवारक सतर्कता की स्वस्थ संस्कृति को सुदृढ़ बनाना था।
इस विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम में सामग्री प्रबंधन विभाग के मुख्य महाप्रबंधक, एमएम विभाग के वरिष्ठ अधिकारी व कर्मचारी, सतर्कता विभाग के अधिकारी तथा एमजंक्शन के प्रतिनिधियों सहित कुल 45 प्रतिभागियों ने सक्रिय सहभागिता की।
कार्यक्रम के आरंभ में मुख्य महाप्रबंधक (सामग्री प्रबंधन) ने उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सत्यनिष्ठा की शपथ दिलाई। सत्र के दौरान सीएंडआईटी विभाग के वरिष्ठ तकनीकी विशेषज्ञों ने बोकारो स्टील प्लांट में कार्यरत साइबर सुरक्षा अवसंरचना और डिजिटल सुरक्षा प्रणालियों की विस्तृत रूपरेखा साझा की। इसके साथ ही वक्ताओं ने दैनिक कार्यालयीन कार्यों के दौरान संवेदनशील एवं गोपनीय डेटा को सुरक्षित रखने, मजबूत व सुरक्षित पासवर्ड प्रबंधन अपनाने, संदिग्ध ई-मेल तथा अज्ञात लिंक से निरंतर सतर्क रहने जैसे व्यावहारिक एवं प्रभावी उपायों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
