-लाइव ख़बर नेशन || संतोष श्रीवास्तव
नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम में उत्कृष्ट महिला कर्मी सम्मानित, लाइव पेंटिंग और रंगोली से गूंजी जागरूकता की गूंज
रांची, 26 अक्टूबर 2026 : सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) मुख्यालय दरभंगा हाउस, रांची में सतर्कता जागरूकता महोत्सव-2026 का विधिवत शुभारंभ हुआ। इस महोत्सव के जरिए कार्यक्षेत्र में सत्यनिष्ठा, पारदर्शिता और जवाबदेही को बढ़ावा देने के साथ-साथ एक नैतिक एवं जिम्मेदार कार्यसंस्कृति विकसित करने का आह्वान किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सीसीएल सीएमडी निलेंदु कुमार सिंह रहे। इस मौके पर निदेशक (वित्त) पवन कुमार मिश्रा, निदेशक (मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र, निदेशक (तकनीकी/संचालन) चंद्र शेखर तिवारी और मुख्य सतर्कता अधिकारी (सीवीओ) पंकज कुमार विशेष रूप से उपस्थित रहे।
समारोह की शुरुआत कोल इंडिया गीत और सत्यनिष्ठा की सामूहिक शपथ के साथ हुई, जिसमें सभी कर्मियों ने दायित्वों के निर्वहन में ईमानदारी बरतने का संकल्प दोहराया। इस दौरान सतर्कता जागरूकता संदेश से जुड़े गुब्बारे छोड़े गए, ई-प्लेज बूथ तथा पिपरवार ओसीपी एवं माइन क्लोजर मॉडल का उद्घाटन किया गया। साथ ही जन-जागरूकता के लिए सतर्कता रथ को रवाना कर सतर्कता मार्च निकाला गया। परिसर में आयोजित लाइव पेंटिंग कार्यशाला में देश भर से आए 30 से अधिक कलाकारों ने अपनी कूची से नैतिक मूल्यों को कैनवास पर उकेरा, वहीं रंगोली, स्ट्रीट व पॉट पेंटिंग प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं।
महोत्सव के तहत आयोजित ‘नारी शक्ति वंदन’ समारोह में अर्पिता महिला मंडल की अध्यक्षा प्रीति सिंह ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। दीप प्रज्ज्वलन और गणेश व शिव वंदना के बाद उत्कृष्ट योगदान देने वाली महिला कर्मियों को सम्मानित किया गया। प्रीति सिंह ने कहा कि नारी शक्ति समाज और राष्ट्र की प्रगति का मजबूत आधार है और कार्यस्थल पर महिलाओं की उपलब्धियों को पहचान देना सराहनीय पहल है। सीएमडी निलेंदु कुमार सिंह के नेतृत्व में प्रबंधन कर्मियों और हितधारकों के समावेशी विकास को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

