– संतोष श्रीवास्तव की रिपोर्ट
सीईआईआर पोर्टल की मदद से 4 महीने में 567 मोबाइल बरामद, चोरी के 3 मामलों में जांच शुरू
बोकारो, 25 अगस्त: बोकारो जिले में मोबाइल गुमशुदगी की लगातार मिल रही शिकायतों पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले के सभी थाना और ओपी प्रभारियों ने केंद्र सरकार के सीईआईआर (CEIR) पोर्टल की मदद से चास, बेरमो (तेनुघाट), नगर और मुख्यालय क्षेत्र से 30 जुलाई से 24 अगस्त के बीच कुल 78 खोए हुए मोबाइल बरामद किए।

बरामद सभी मोबाइल फोन को उनके वास्तविक स्वामियों का सत्यापन करने के बाद उन्हें सौंप दिया गया। अपने खोए हुए मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरे खिल उठे। आंकड़े बताते हैं कि बीते चार महीनों में बोकारो पुलिस ने कुल 567 मोबाइल बरामद कर उनके स्वामियों को वापस लौटाए हैं। इसके साथ ही मोबाइल चोरी से जुड़े मामलों में 3 प्राथमिकियां दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि मोबाइल गुम या चोरी होने की स्थिति में तुरंत नजदीकी थाने में सूचना दर्ज कराएं और सरकारी ‘सीईआईआर’ (CEIR) पोर्टल पर विवरण दर्ज करें। ऐसा करने से जैसे ही कोई दूसरा व्यक्ति उस मोबाइल का उपयोग करेगा, उसकी जानकारी तुरंत पुलिस और आवेदक को मिल जाएगी।

