रेड रन-2026 से एचआईवी/एड्स जागरूकता का संदेश

Live ख़बर

– Santosh K Srivastav : Editor in Chief & Publisher

राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में विजेताओं को किया गया सम्मानित, राष्ट्रीय स्तर पर करेंगे बिहार का प्रतिनिधित्व

पटना, 28 जुलाई 2026। युवाओं और आमजन के बीच एचआईवी/एड्स, सुरक्षित रक्तदान तथा यौन संचारित संक्रमणों (STI) के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से बिहार राज्य एड्स नियंत्रण समिति (BSACS), स्वास्थ्य विभाग, बिहार सरकार द्वारा मंगलवार को पाटलिपुत्र खेल परिसर, कंकड़बाग में राज्य स्तरीय रेड रन-2026 (5 किलोमीटर) का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राज्य के विभिन्न जिलों से आए प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर जनजागरूकता का संदेश दिया।

रेड रन को स्वास्थ्य विभाग के सचिव कुमार रवि एवं बिहार राज्य एड्स नियंत्रण समिति के परियोजना निदेशक सुमित कुमार ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। दौड़ पाटलिपुत्र खेल परिसर से प्रारंभ होकर मेदांता अस्पताल एवं शालिमार मार्ग से गुजरते हुए पुनः खेल परिसर में संपन्न हुई। इस दौरान राज्य के सभी जिलों से आए लगभग 250 छात्र-छात्राओं, नोडल पदाधिकारियों एवं समिति के अधिकारियों ने दौड़ में भाग लिया, जबकि लगभग 700 युवाओं एवं आमजन ने वॉकाथॉन में शामिल होकर एचआईवी/एड्स जागरूकता अभियान को समर्थन दिया।

इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के सचिव कुमार रवि ने कहा कि युवाओं को एचआईवी/एड्स के प्रति जागरूक करना समय की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि राज्य के सभी जिलों में जिला स्तरीय रेड रन का आयोजन किया गया था, जिनके विजेता अब राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में शामिल हुए हैं। राज्य स्तर पर चयनित विजेता राष्ट्रीय रेड रन प्रतियोगिता में बिहार का प्रतिनिधित्व करेंगे।

बिहार राज्य एड्स नियंत्रण समिति के परियोजना निदेशक सुमित कुमार ने कहा कि समिति 95:95:99 के वैश्विक लक्ष्य को प्राप्त करने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि इसका उद्देश्य अधिक से अधिक एचआईवी संक्रमित लोगों की पहचान, उन्हें नियमित एंटी-रेट्रोवायरल थेरेपी (ART) से जोड़ना तथा उपचार के माध्यम से संक्रमण के प्रसार को नियंत्रित करना है। उन्होंने कहा कि समय पर जांच, नियमित उपचार और सामाजिक जागरूकता के माध्यम से एचआईवी/एड्स पर प्रभावी नियंत्रण संभव है।

राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में पुरुष, महिला और ट्रांसजेंडर तीनों वर्गों के विजेताओं को पुरस्कार एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए गए। पुरुष वर्ग में श्रवण कुमार (गया) प्रथम, ऋतुराज (भागलपुर) द्वितीय तथा कुणाल आर्य (गया) तृतीय स्थान पर रहे। महिला वर्ग में कामिनी कुमारी (गया) ने प्रथम, पंचू कुमारी (भागलपुर) ने द्वितीय तथा स्वाति कुमारी (समस्तीपुर) ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। ट्रांसजेंडर वर्ग में कुसुम कुमारी (पटना) प्रथम, अदिति राय (पटना) द्वितीय तथा अदिति गुप्ता (पटना) तृतीय स्थान पर रहीं। प्रथम विजेता को ₹10,000, द्वितीय को ₹7,500 तथा तृतीय स्थान प्राप्त प्रतिभागी को ₹5,000 की पुरस्कार राशि एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान किया गया।

समिति ने बताया कि 1 जुलाई से 22 जुलाई 2026 के बीच राज्य के सभी 38 जिलों के 248 महाविद्यालयों में जिला स्तरीय रेड रन-2026 का आयोजन किया गया, जिसमें 3,245 युवाओं ने भागीदारी निभाई। उत्कृष्ट आयोजन एवं व्यापक जनजागरूकता के लिए पटना, भोजपुर (आरा), गया, समस्तीपुर, मधेपुरा और भागलपुर जिलों को “जिला रेड रन उत्कृष्ट सहभागिता पुरस्कार-2026” से सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में संयुक्त निदेशक (आईईसी) मनोज कुमार सिन्हा, अपर परियोजना निदेशक एन.के. गुप्ता, सहायक निदेशक (युवा) आलोक सिंह सहित बिहार राज्य एड्स नियंत्रण समिति के वरिष्ठ अधिकारी, चिकित्सक, जिला प्रतिनिधि एवं विभिन्न कार्यक्रमों से जुड़े पदाधिकारी उपस्थित रहे।