– रंजीत प्रसाद सिन्हा : संवाददाता
38 जिलों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने का संकल्प, मुख्यमंत्री से बिहार में किडनी ट्रांसप्लांट सुविधा विकसित करने की अपील
पटना, 12 जुलाई 2026: राज्य के सभी 38 जिलों में सस्ती, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रविवार को गर्दनीबाग स्थित नेस्टिवा परिसर में ‘आरोग्य बिहार’ परियोजना का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में स्वास्थ्य सेवाओं को जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाने के लिए अभियान की औपचारिक शुरुआत की गई।
समारोह में धार्मिक न्यास बोर्ड के अध्यक्ष रणवीर नंदन, पूर्व मंत्री एवं विधायक श्याम रजक, पुलिस एसोसिएशन के अध्यक्ष मृत्युंजय सिंह, भाजपा नेता गजेंद्र झा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। इसके अलावा पीएमसीएच और आईजीआईएमएस के चिकित्सकों एवं विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्षों ने भी कार्यक्रम में भाग लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रणवीर नंदन ने कहा कि ‘आरोग्य बिहार’ राज्य के स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण पहल है और इससे आम लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने मुख्यमंत्री से अपील करते हुए कहा कि बिहार में किडनी ट्रांसप्लांट जैसी उन्नत चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार किया जाए, ताकि मरीजों को उपचार के लिए दूसरे राज्यों पर निर्भर न रहना पड़े।

पूर्व मंत्री एवं विधायक श्याम रजक ने कार्यक्रम में उपस्थित चिकित्सकों का स्वागत करते हुए इस पहल को जनहित में महत्वपूर्ण बताया। इसके बाद अतिथियों ने ‘आरोग्य बिहार’ अभियान को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
कार्यक्रम की संयोजक डॉ. ऋतु शर्मा ने कहा कि ‘आरोग्य बिहार’ का उद्देश्य राज्य के प्रत्येक जिले में जरूरतमंद लोगों तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि अभियान के तहत लोगों की प्रारंभिक स्वास्थ्य जांच (स्क्रीनिंग) की जाएगी, गंभीर बीमारियों की समय रहते पहचान सुनिश्चित की जाएगी तथा आवश्यकतानुसार विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श, उपचार और दवाओं की सुविधा उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रम के समापन पर आयोजकों ने सभी अतिथियों, चिकित्सकों, पत्रकारों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ‘आरोग्य बिहार’ अभियान अब राज्य के सभी 38 जिलों में स्वास्थ्य सेवाओं को आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से सक्रिय रूप से संचालित किया जाएगा।
