– Santosh K Srivastav : Editor in Chief & Publisher
25वीं बार आयोजित रक्तदान शिविर में 211 यूनिट रक्त संग्रहित, दिवंगत पदाधिकारियों की स्मृति में निभाई जा रही परंपरा
पटना, 17 जुलाई। स्टेट बैंक ऑफ इंडिया ऑफिसर्स एसोसिएशन, पटना मंडल की ओर से आज लगातार 25वीं बार रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर स्थानीय प्रधान कार्यालय पटना, आंचलिक कार्यालय पटना, गयाजी, रांची, भागलपुर एवं पूर्णिया में आयोजित किया गया, जिसमें अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए कुल 211 यूनिट रक्तदान किया।
स्थानीय प्रधान कार्यालय, पटना में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य महाप्रबंधक अनुराग जोशी, पूर्व महासचिव अजीत कुमार मिश्रा, महाप्रबंधक (दक्षिण बिहार) योगेंद्र शेल्के, महाप्रबंधक (उत्तर बिहार) विजय कुमार शामल, महासचिव अमरेश विक्रमादित्य, अध्यक्ष रंजन कुमार सिंह तथा महासचिव (सेवा) लक्ष्मी नारायण पासवान ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
इस अवसर पर महासचिव अमरेश विक्रमादित्य ने बताया कि 17 जुलाई 2000 को पटना में हुए विमान दुर्घटना में तत्कालीन महासचिव एच. एस. राठौर और तत्कालीन अध्यक्ष डॉ. के. सी. मिश्रा का निधन हो गया था। उनकी पुण्य स्मृति में ऑफिसर्स एसोसिएशन प्रत्येक वर्ष रक्तदान शिविर आयोजित कर समाज सेवा की इस परंपरा को आगे बढ़ा रही है।
पटना में रक्तदान शिविर का आयोजन मां ब्लड सेंटर और प्रथमा ब्लड सेंटर के सहयोग से किया गया। रक्तदाताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और मानव सेवा के इस अभियान को सफल बनाया।
मुख्य महाप्रबंधक अनुराग जोशी ने कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा दान है, क्योंकि एक यूनिट रक्त से तीन लोगों का जीवन बचाया जा सकता है। उन्होंने ऑफिसर्स एसोसिएशन के इस निरंतर सामाजिक योगदान की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में जागरूकता और मानवता की भावना को मजबूत करते हैं।
उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व 16 जून को भी स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की ओर से रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया था। एसबीआई ऑफिसर्स एसोसिएशन द्वारा आयोजित इस शिविर के माध्यम से विभिन्न ब्लड सेंटरों को कुल 211 यूनिट रक्त उपलब्ध कराया गया, जिससे जरूरतमंद मरीजों को सहायता मिल सकेगी।

