सीसीएल में एआई पर प्रशिक्षण

Live ख़बर

Santosh K Srivastav : Editor in Chief & Publisher

वित्तीय निर्णय प्रक्रिया में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के प्रभावी उपयोग पर अधिकारियों को दिया गया प्रशिक्षण, 52 वित्त अधिकारियों ने लिया भाग

रांची। सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) के मानव संसाधन विकास (एचआरडी) विभाग की ओर से “Role of AI in Financial Decision” विषय पर एक विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य वित्तीय निर्णय प्रक्रिया और कोयला खनन उद्योग में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के प्रभावी उपयोग से अधिकारियों को अवगत कराना था। प्रशिक्षण में सीसीएल के 52 वित्त अधिकारियों ने भाग लिया।

प्रशिक्षण कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र में निदेशक (वित्त) पवन कुमार मिश्रा, पूर्व महाप्रबंधक (सिस्टम्स) एवं संकाय सदस्य सुरेश बेहरा, महाप्रबंधक (एचआरडी) एम. एफ. हक तथा निदेशक (वित्त) के तकनीकी सचिव संजय सिंह उपस्थित रहे।

अपने संबोधन में निदेशक (वित्त) पवन कुमार मिश्रा ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के प्रभावी उपयोग से वित्तीय कार्यों में पारदर्शिता, कार्यकुशलता और समयबद्ध निर्णय लेने की क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। उन्होंने कहा कि बेंचमार्किंग और एआई आधारित कौशल विकास संगठन के प्रदर्शन को बेहतर बनाने के साथ-साथ उसकी प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता को भी मजबूत करेगा।

तकनीकी सचिव संजय सिंह ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता अब केवल एक तकनीकी विकल्प नहीं, बल्कि वर्तमान समय की आवश्यकता बन चुकी है। उन्होंने संस्थागत प्रक्रियाओं में निरंतर सुधार और बेहतर निर्णय क्षमता के लिए एआई को अपनाने पर जोर दिया।

कार्यक्रम के तकनीकी सत्र में पूर्व महाप्रबंधक (सिस्टम्स) एवं संकाय सदस्य सुरेश बेहरा ने वित्तीय निर्णय प्रक्रिया, डेटा विश्लेषण तथा प्रोसेस ऑप्टिमाइजेशन में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के व्यावहारिक उपयोगों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने आधुनिक वित्तीय प्रबंधन में एआई आधारित तकनीकों की उपयोगिता और संभावनाओं पर भी प्रकाश डाला।

प्रशिक्षण कार्यक्रम संवादात्मक रहा, जिसमें प्रतिभागियों ने सक्रिय रूप से अपनी जिज्ञासाएं साझा कीं और विशेषज्ञों से समाधान प्राप्त किए। कार्यक्रम के माध्यम से डिजिटल लर्निंग, नवाचार और आधुनिक तकनीकों को अपनाकर भविष्य के लिए सक्षम एवं दक्ष कार्यबल विकसित करने की दिशा में सीसीएल की प्रतिबद्धता एक बार फिर स्पष्ट हुई।