बीएकेएस ने एसएमएस-1 की 21 समस्याएं सीजीएम के समक्ष रखीं

Live ख़बर

Santosh K Srivastav : Editor in Chief & Publisher

बोकारो इस्पात संयंत्र के एसएमएस-1 विभाग में सुरक्षा, आधारभूत सुविधाओं और कर्मचारियों से जुड़े मुद्दों के समाधान के लिए एक माह की समय-सीमा तय करने की मांग

बोकारो, 29 जुलाई। बोकारो इस्पात संयंत्र (बीएसएल) के एसएमएस-1 विभाग में कार्यरत कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं के समाधान को लेकर बीएसएल अनाधिशासी कर्मचारी संघ (बीएकेएस) ने बुधवार को एसएमएस-1 के मुख्य महाप्रबंधक (सीजीएम) के साथ बैठक कर विभाग से जुड़ी 21 प्रमुख मांगों को उठाया। यूनियन ने सभी समस्याओं के समाधान के लिए एक माह की समय-सीमा निर्धारित करने की मांग की।

बैठक में यूनियन प्रतिनिधियों ने कहा कि आधुनिकीकरण के बाद एसएमएस-1 विभाग संयंत्र के सबसे आधुनिक और महत्वपूर्ण उत्पादन इकाइयों में शामिल हो चुका है। विभाग लगातार उत्पादन के नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है, लेकिन इसके बावजूद गैर-कार्यपालक कर्मचारियों से जुड़ी समस्याएं लगातार बढ़ रही हैं। इससे कर्मचारियों को कार्यस्थल पर अनेक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

यूनियन ने कर्मचारियों के लिए ऊंचाई वाले कार्यस्थलों पर शुद्ध पेयजल और शौचालय की व्यवस्था, कास्टर क्षेत्र के जाम बाथरूम, मैकेनिकल सेक्शन में चार्जमैन का रिक्त पद, जर्जर छतों से वर्षा जल रिसाव, क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत, खराब जल निकासी व्यवस्था, सुरक्षा की दृष्टि से खतरनाक पुराने शीटों को हटाने, फ्लोर की मरम्मत, दोपहिया वाहन पार्किंग, रेस्ट रूम में जलभराव, मिक्सर एग्जॉस्ट की मरम्मत, कैंटीन भवन की क्षतिग्रस्त छत, अनावश्यक स्क्रैप हटाने तथा जनरल शिफ्ट ऑपरेशन रूम के आसपास सुरक्षा बैरिकेडिंग जैसी सुविधाओं को प्राथमिकता से पूरा करने की मांग की।

Follow this link to JOIN our WhatsApp Community

बैठक में कर्मचारियों से जुड़े प्रशासनिक एवं सेवा संबंधी मुद्दे भी प्रमुखता से उठाए गए। इनमें कर्मचारी लक्ष्मीधर अधिकारी को स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति लेने के लिए कथित रूप से बाध्य किए जाने के मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच, यांत्रिक अनुभाग के कनिष्ठ कर्मचारियों से शटडाउन लेने की प्रक्रिया स्पष्ट करने, ड्यूटी समाप्त होने के बाद कर्मचारियों को रोकने की शिकायत, बंद किए गए एक्टिंग अलाउंस एवं इंसेंटिव की पुनर्समीक्षा तथा कास्टर क्रेन मैकेनिकल में ठेका कंपनी प्रोटेक्टिव इंजीनियरिंग के स्थायी सुपरवाइजर की नियुक्ति की मांग भी शामिल रही।

यूनियन ने कहा कि प्रस्तुत सभी मांगें विभाग की कार्यक्षमता, सुरक्षा व्यवस्था और कर्मचारियों के हितों से सीधे जुड़ी हुई हैं। इसलिए इनका समयबद्ध समाधान आवश्यक है। बैठक में यूनियन के अध्यक्ष, महासचिव, उपमहासचिव, कोषाध्यक्ष, कार्यकारिणी सदस्य तथा विभागीय प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

बैठक के बाद विभागीय प्रतिनिधि अजय कुमार ने बताया कि एसएमएस-1 विभाग की स्थानीय समस्याओं से मुख्य महाप्रबंधक को अवगत कराया गया है। उन्होंने कई महत्वपूर्ण मामलों के त्वरित समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों एवं अनुभागों को आवश्यक निर्देश दिए हैं। यूनियन को उम्मीद है कि लंबित समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाएगा।