– संतोष श्रीवास्तव की रिपोर्ट
चोरी की पल्सर बाइक और कांसा के बर्तन बरामद, तीन मोबाइल भी मिले
बोकारो : 22 अगस्त 2026
बोकारो के जरीडीह थाना क्षेत्र में घर का ताला तोड़कर चोरी किए जाने के मामले का पुलिस ने त्वरित उद्भेदन करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की बजाज पल्सर-125 मोटरसाइकिल और कांसा के बर्तन बरामद किए हैं। घटना में प्रयुक्त एक अन्य काले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल और तीन एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी पुलिस ने बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार 20 अगस्त 2026 को सूरज कुमार मिश्रा ने जैनामोड़ मिश्रा साइट, थाना जरीडीह स्थित अपने घर में अज्ञात चोरों द्वारा ताला तोड़कर चोरी किए जाने को लेकर आवेदन दिया था। इस आधार पर जरीडीह थाना कांड संख्या 140/2026, दिनांक 20 अगस्त 2026 को संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक, बोकारो के निर्देश पर जरीडीह अंचल के पुलिस निरीक्षक शैलेन्द्र कुमार सिंह के नेतृत्व में छापेमारी दल गठित किया गया। टीम ने तकनीकी अनुसंधान और मानवीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।
चोरी का सामान बरामद
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की गई बजाज पल्सर-125 सीसी मोटरसाइकिल, एक कांसा की थाली और एक कांसा का लौटा बरामद किया गया। इसके अलावा तीन एंड्रॉयड मोबाइल फोन और घटना में इस्तेमाल की गई काले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल भी पुलिस के कब्जे में ली गई है।
गिरफ्तार आरोपियों में चंद्रपुरा संडे मार्केट निवासी चिकु कुमार उर्फ दिलशाद मंसुरी, उम्र करीब 18 वर्ष, पश्चिमी पल्ली चंद्रपुरा निवासी दीपक कुमार, उम्र करीब 18 वर्ष तथा एक विधि विरुद्ध बालक शामिल है। तीनों चंद्रपुरा थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं।
पुलिस के अनुसार मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी के शेष सामान की बरामदगी के लिए अनुसंधान जारी है।
छापामारी दल में शामिल पुलिसकर्मी
कार्रवाई में जरीडीह अंचल के पुलिस निरीक्षक शैलेन्द्र कुमार सिंह, जरीडीह थाना प्रभारी पुलिस अवर निरीक्षक बिपिन चन्द्र महतो, पुलिस अवर निरीक्षक संजीव कुमार, दशरथ कुमार दास, मथियस जॉन मुर्मू, सुंदर उरॉव, जरीडीह थाना रिजर्व गार्ड के हवलदार अनस्ता बॉ तथा बोकारो की तकनीकी शाखा की टीम शामिल रही।
बरामद सामान
- बजाज पल्सर-125 सीसी मोटरसाइकिल : 01
- कांसा की थाली : 01
- कांसा का लौटा : 01
- एंड्रॉयड मोबाइल फोन : 03
- घटना में प्रयुक्त काले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल : 01

