साइबर ठगी मामले में खाताधारक गिरफ्तार, न्यायिक हिरासत में भेजा गया

Live ख़बर

– संतोष श्रीवास्तव की रिपोर्ट

बोकारो साइबर थाने की कार्रवाई: 4.74 लाख की ठगी में लखीसराय का आरोपी पकड़ाया

बोकारो, 22 अगस्त: साइबर थाना पुलिस ने ऑनलाइन ठगी के एक बड़े मामले का पर्दाफाश करते हुए आरोपी खाताधारक को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान बिनोद चौधरी (उम्र 50 वर्ष), पिता स्वर्गीय भोला चौधरी, निवासी ग्राम भेनौरा, थाना आमहरा, जिला लखीसराय (बिहार) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

यह कार्रवाई साइबर थाना कांड संख्या-14/2025 (धारा 111, 318(4), 333(3), 338 बीएनएस एवं 66(B), 66(C), 66(D) आईटी एक्ट) के तहत की गई है, जिसमें कुल 4,74,630 रुपये की साइबर ठगी हुई थी। पुलिस पूछताछ में अभियुक्त ने अपराध में अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए बताया कि ठगी की राशि में से 3,09,630 रुपये उसके सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के खाते में ट्रांसफर कराए गए थे, जिसे उसने एटीएम के माध्यम से निकाल लिया था।

छापेमारी दल में साइबर थाना बोकारो के पु०अ०नि० राजीव कुमार भगत, पु०अ०नि० प्रमोद कुमार पंडित, पु०अ०नि० धर्मेंद्र कुमार, पु०अ०नि० गौरव गोयल, पु०अ०नि० संत कुमार मेहता, आरक्षी अवध कुमार एवं तकनीकी शाखा की टीम शामिल थी। बोकारो पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे किसी के झांसे में आकर अपना बैंक पासबुक या एटीएम कार्ड किसी को न दें और साइबर अपराध की स्थिति में हेल्पलाइन नंबर 1930 पर तुरंत सूचना दें।