बिना चीरा लगाए निकाला ब्रेन ट्यूमर

Live ख़बर

– रंजीत प्रसाद सिन्हा : संवाददाता

पारस हेल्थ, पटना में एंडोस्कोपिक तकनीक से 8 वर्षीय बच्चे की सफल सर्जरी, नाक के रास्ते हटाया गया पिट्यूटरी ट्यूमर

पटना, 20 जुलाई। पारस हेल्थ, पटना के चिकित्सकों ने आधुनिक एंडोस्कोपिक तकनीक का उपयोग करते हुए आठ वर्षीय बच्चे के मस्तिष्क से बिना किसी बाहरी चीरे के सफलतापूर्वक ब्रेन ट्यूमर निकालकर उसे नई जिंदगी दी है। भोजपुर जिले के पीरो निवासी मास्टर अज़मत पिछले छह माह से लगातार सिरदर्द, उल्टी और आंखों की रोशनी कमजोर होने की समस्या से जूझ रहा था। जांच में मस्तिष्क में बड़ा पिट्यूटरी ट्यूमर पाए जाने के बाद चिकित्सकों ने जटिल सर्जरी को सफलतापूर्वक अंजाम दिया।

अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार, एमआरआई जांच में बच्चे के मस्तिष्क में पिट्यूटरी ट्यूमर की पुष्टि हुई, जो मस्तिष्क पर दबाव बना रहा था। स्थिति गंभीर होने के कारण तत्काल ऑपरेशन का निर्णय लिया गया।

पारस हेल्थ के न्यूरोसर्जन डॉ. वीर अभिमन्यु पंडित ने एंडोस्कोपिक ट्रांसनेजल तकनीक के माध्यम से नाक के रास्ते ट्यूमर तक पहुंचकर बिना किसी बाहरी चीरे के उसे सफलतापूर्वक निकाल दिया। इस अत्याधुनिक प्रक्रिया में एंडोस्कोप (दूरबीन) की सहायता से सर्जरी की गई, जिससे बच्चे को पारंपरिक बड़ी सर्जरी और लंबे रिकवरी समय से बचाया जा सका।

सर्जरी के बाद बच्चे की स्थिति में लगातार सुधार हुआ। सिरदर्द और उल्टी की समस्या पूरी तरह समाप्त हो गई तथा उसकी दृष्टि में भी सुधार दर्ज किया गया। हाल ही में फॉलोअप जांच के दौरान चिकित्सकों ने बच्चे का स्वास्थ्य सामान्य पाया।

डॉ. वीर अभिमन्यु पंडित ने बताया कि लगातार सिरदर्द, बार-बार उल्टी और दृष्टि कमजोर होना जैसे लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। समय पर एमआरआई जांच और विशेषज्ञ उपचार से इस प्रकार के जटिल ब्रेन ट्यूमर का भी सफल इलाज संभव है।

पारस हेल्थ के जोनल डायरेक्टर एवं वाइस प्रेसिडेंट डॉ. दीपक सिंह ने कहा कि अस्पताल का उद्देश्य बिहार के लोगों को विश्वस्तरीय चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि मरीजों को आधुनिक तकनीक और विशेषज्ञ चिकित्सकों के माध्यम से बेहतर उपचार उपलब्ध कराना संस्थान की प्राथमिकता है।

इस जटिल सर्जरी में न्यूरोसर्जरी विभाग के डायरेक्टर डॉ. अम्बुज कुमार, चीफ कंसल्टेंट डॉ. निरज झा तथा एनेस्थीसिया विशेषज्ञ डॉ. श्री नारायण की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही।

उल्लेखनीय है कि पारस हेल्थ, पटना ने वर्ष 2013 में अपनी सेवाएं शुरू की थीं। यह बिहार का पहला कॉर्पोरेट अस्पताल है, जिसके पास परमाणु ऊर्जा नियामक बोर्ड (एईआरबी) से लाइसेंस प्राप्त कैंसर उपचार केंद्र उपलब्ध है।