प्रदेश महासचिव बनने पर बिनोद सिंह का अभिनंदन

Live ख़बर

– रंजीत प्रसाद सिन्हा : संवाददाता

तीसरी बार जदयू प्रदेश महासचिव नियुक्त होने पर दानापुर में सम्मान समारोह, कार्यकर्ताओं ने जताई खुशी

दानापुर, 12 जुलाई 2026 | जनता दल (यूनाइटेड) के वरिष्ठ नेता बिनोद कुमार सिंह को तीसरी बार प्रदेश महासचिव नियुक्त किए जाने पर दानापुर विधानसभा क्षेत्र के रंजन पथ में अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। नीरज कुमार की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में पार्टी नेताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर उन्हें शुभकामनाएं दीं।

समारोह में पहुंचने पर बिनोद कुमार सिंह का पुष्पगुच्छ और फूल-मालाओं से स्वागत किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी व्यक्त की तथा उनकी नियुक्ति को संगठन के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि बिनोद कुमार सिंह का संगठनात्मक अनुभव और पार्टी के प्रति समर्पण कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणादायी रहा है। उन्होंने उनकी पुनर्नियुक्ति को दानापुर क्षेत्र के लिए गौरव का विषय बताते हुए पार्टी नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त किया।

दानापुर प्रखंड अध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि बिनोद कुमार सिंह लंबे समय से पार्टी संगठन को मजबूत बनाने में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। उन्होंने कहा कि संगठन के प्रति उनकी प्रतिबद्धता और अनुभव का लाभ पार्टी को आगे भी मिलता रहेगा।

समारोह में दानापुर जदयू प्रखंड अध्यक्ष मनोज कुमार सिंह, कार्यक्रम अध्यक्ष नीरज कुमार, बाबू साहब, नागेंद्र कुमार, धनंजय सिंह, रीता पासवान, दिनेश कुशवाहा, रामजी राम, गोरख गुप्ता, अजय सिंह, जयशंकर सिंह, नंदलाल सिंह, सोनू कुमार, विक्की कुमार, मनीष कुमार सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में कार्यकर्ताओं ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा बिनोद कुमार सिंह के नेतृत्व में जनाधार विस्तार के लिए सक्रिय रूप से कार्य करने का संकल्प लिया।