– Santosh K Srivastav : Editor in Chief & Publisher
प्रवेश बंद होने से खिलाड़ियों और अभ्यर्थियों में नाराजगी, 14 जुलाई को नगर प्रशासन कार्यालय के समक्ष जुटान की घोषणा
बोकारो, 13 जुलाई 2026 | सेक्टर-3 स्थित ट्रेनीज हॉस्टल परिसर का प्रवेश बंद किए जाने के बाद खिलाड़ियों, सेना एवं पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों तथा स्थानीय नागरिकों में नाराजगी बढ़ गई है। बहाली युवा संघ ने इस निर्णय के विरोध में 14 जुलाई की सुबह 6:30 बजे नगर प्रशासन कार्यालय के मुख्य गेट के समक्ष शांतिपूर्ण जुटान की घोषणा की है।
जानकारी के अनुसार, हाल के दिनों में ठेकेदार और एक इंजीनियर के बीच हुई मारपीट तथा सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े विवाद के बाद प्रबंधन ने ट्रेनीज हॉस्टल परिसर के दोनों मुख्य प्रवेश द्वार बंद कर दिए हैं। इसके चलते पिछले कई दिनों से मैदान में नियमित रूप से अभ्यास करने वाले खिलाड़ी, सेना एवं पुलिस भर्ती के अभ्यर्थी तथा सुबह-शाम टहलने आने वाले नागरिक परिसर में प्रवेश नहीं कर पा रहे हैं।

बहाली युवा संघ के प्रतिनिधियों का कहना है कि उन्होंने स्थानीय जनप्रतिनिधियों, सेल प्रबंधन तथा संबंधित अधिकारियों से बातचीत कर समाधान निकालने का प्रयास किया। संघ की ओर से नियमित रूप से आने वाले खिलाड़ियों और अभ्यर्थियों के लिए प्रवेश पास जारी करने का सुझाव भी दिया गया, ताकि सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखते हुए अभ्यास जारी रह सके। हालांकि, संघ का दावा है कि इस प्रस्ताव को स्वीकार नहीं किया गया।
संघ का कहना है कि ट्रेनीज हॉस्टल का मैदान लंबे समय से सेना, पुलिस और अन्य सुरक्षा बलों की भर्ती की तैयारी करने वाले युवाओं के लिए महत्वपूर्ण अभ्यास स्थल रहा है। इसके अलावा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक भी स्वास्थ्य लाभ के लिए यहां नियमित रूप से टहलने और व्यायाम करने आते रहे हैं।
बहाली युवा संघ ने मैदान को पुनः आम लोगों के लिए खोले जाने की मांग करते हुए खिलाड़ियों, अभ्यर्थियों और स्थानीय नागरिकों से 14 जुलाई को प्रस्तावित शांतिपूर्ण जुटान में शामिल होने की अपील की है। वहीं, इस संबंध में प्रबंधन की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार है।
