कोढ़ा गिरोह के खिलाफ बोकारो पुलिस की बड़ी कार्रवाई

Live ख़बर

– Santosh K Srivastav : Editor in Chief & Publisher

कटिहार में छापेमारी कर 3.50 लाख रुपये बरामद, डिक्की तोड़कर चोरी करने वाले दो आरोपियों की तलाश जारी

बोकारो, 13 जुलाई 2026 | चास थाना क्षेत्र में मोटरसाइकिल की डिक्की तोड़कर 3.50 लाख रुपये चोरी करने के मामले में बोकारो पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। विशेष जांच दल (एसआईटी) ने बिहार के कटिहार जिले में छापेमारी कर चोरी की पूरी राशि बरामद कर ली है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों की पहचान कर ली है और उनकी गिरफ्तारी के लिए अभियान जारी है।

पुलिस के अनुसार, 7 जुलाई 2026 को चास के जोधाडीह मोड़ के समीप बाइक सवार अपराधियों ने एक व्यक्ति की मोटरसाइकिल की डिक्की तोड़कर उसमें रखे 3.50 लाख रुपये चोरी कर लिए थे। घटना के बाद चास थाना में मामला दर्ज कर विशेष जांच दल का गठन किया गया।

जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले तथा तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचनाओं के आधार पर आरोपियों की पहचान की। इसके बाद एसआईटी की टीम बिहार के कटिहार जिले के कोढ़ा थाना क्षेत्र पहुंची और स्थानीय पुलिस के सहयोग से 12 जुलाई को एक आरोपी के ससुराल में छापेमारी की। तलाशी के दौरान चोरी की गई पूरी राशि 3.50 लाख रुपये बरामद कर ली गई।

पुलिस के अनुसार, मामले में नया टोला जुराबगंज, थाना कोढ़ा (कटिहार) निवासी निरो उर्फ नरेन्द्र बनजारा तथा राजा ग्वाला उर्फ अरमान ग्वाला की पहचान की गई है। दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

एएसपी वेदांत शंकर ने बताया कि अंतरराज्यीय अपराधियों के खिलाफ अभियान जारी है और जल्द ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि मामले की आगे की जांच जारी है तथा अपराध में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, डिक्की तोड़कर चोरी करने वाले गिरोह अक्सर बैंकों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में बड़ी राशि लेकर निकलने वाले लोगों की रेकी करते हैं। ऐसे में लोगों से सतर्क रहने और बड़ी राशि लेकर यात्रा करते समय विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई है।

Verified by MonsterInsights