– Santosh K Srivastav : Editor in Chief & Publisher
रोटरी इंटरनेशनल के उपाध्यक्ष ने सेवा कार्यों में उल्लेखनीय योगदान के लिए किया सम्मानित
बोकारो, 13 जुलाई 2026 | रोटरी फाउंडेशन के मानवीय एवं सेवा कार्यों में उल्लेखनीय आर्थिक सहयोग और सक्रिय भागीदारी के लिए रोटरी क्लब चास को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया। धनबाद में आयोजित एक समारोह में रोटरी इंटरनेशनल के उपाध्यक्ष एम. मुरुगनंदन ने क्लब को यह सम्मान प्रदान किया।
रोटरी क्लब चास को यह सम्मान रोटरी फाउंडेशन के माध्यम से स्वास्थ्य, शिक्षा और मानव सेवा से जुड़े कार्यक्रमों को सहयोग देने तथा फाउंडेशन को सशक्त बनाने में योगदान के लिए दिया गया।

सम्मान प्राप्त करने के बाद रोटरी क्लब चास के अध्यक्ष मुकेश अग्रवाल ने कहा कि रोटरी फाउंडेशन में योगदान देना समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने सभी रोटेरियनों से अपनी क्षमता के अनुसार फाउंडेशन को सहयोग देने का आह्वान किया, ताकि जरूरतमंद लोगों तक सेवा कार्यों का लाभ और अधिक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा सके।
समारोह में सहायक जिला पाल पूजा बैद तथा रोटरी क्लब चास के संस्थापक अध्यक्ष संजय बैद भी उपस्थित रहे। उन्होंने क्लब की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे सभी सदस्यों के सामूहिक प्रयासों और सेवा भावना का परिणाम बताया।
रोटरी क्लब चास ने इस सम्मान को समाज सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का प्रतीक बताते हुए भविष्य में भी स्वास्थ्य, शिक्षा और जनकल्याण से जुड़े कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया।
