एनएच पर बेतरतीब पार्किंग पड़ेगी भारी: गाड़ियां होंगी ब्लैकलिस्ट, बोकारो प्रशासन ने कसी कमर

Live ख़बर

-संतोष श्रीवास्तव की रिपोर्ट

मंत्री की बेटी के सड़क हादसे के बाद जागा प्रशासन, 24 घंटे निगरानी के लिए बनेगा विशेष वाट्सएप ग्रुप

बोकारो, 24 सितंबर 2026। राष्ट्रीय राजमार्ग पर खड़े वाहन से टकराने के कारण हुए भीषण हादसे में ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की पुत्री तृषा सिंह के असामयिक निधन के बाद प्रशासन ने हाइवे पर अवैध पार्किंग के खिलाफ निर्णायक जंग छेड़ दी है। गुरुवार को बोकारो समाहरणालय में उपायुक्त-सह-अध्यक्ष जिला सड़क सुरक्षा समिति अजय नाथ झा की अध्यक्षता में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में राष्ट्रीय राजमार्ग एनएच-23 और एनएच-32 को पूरी तरह अतिक्रमणमुक्त और हादसामुक्त बनाने के लिए कड़े दिशा-निर्देश जारी किए गए।

उपायुक्त ने दो टूक चेतावनी देते हुए कहा कि मुख्य सड़कों और हाइवे पर अनाधिकृत रूप से गाड़ियां खड़ी करने वालों को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने जिला परिवहन पदाधिकारी (डीटीओ) मारुति मिंज को निर्देशित किया कि एनएच पर बेतरतीब वाहन खड़े करने वालों को पहले नोटिस जारी किया जाए और बार-बार नियमों की अनदेखी करने वाले वाहनों को परिवहन विभाग के पोर्टल पर सीधे ब्लैकलिस्ट कर दिया जाए। सर्वोच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों का हवाला देते हुए जिला स्तरीय अतिक्रमण टास्क फोर्स को भारी व अनाधिकृत वाहनों के खिलाफ जमीनी स्तर पर ताबड़तोड़ जब्ती व चालान अभियान चलाने का आदेश दिया गया है।

हाइवे पर 24 घंटे सीधी निगरानी सुनिश्चित करने के लिए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) धनबाद के प्रोजेक्ट डायरेक्टर को एक समर्पित वाट्सएप ग्रुप तैयार करने का निर्देश दिया गया है। इस ग्रुप में डीटीओ, मोटर यान निरीक्षक (एमवीआई), ट्रैफिक डीएसपी और ट्रैफिक इंस्पेक्टर रियल-टाइम जुड़े रहेंगे। एनएच पर कहीं भी अवैध पार्किंग पाए जाने पर तुरंत फोटो और लोकेशन साझा कर मौके पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा, मुख्यालय डीएसपी पवन कुमार तथा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़ीं डीटीओ मारुति मिंज सहित सड़क सुरक्षा से जुड़े वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने आपसी समन्वय बनाकर जानलेवा हादसों पर अंकुश लगाने का साझा संकल्प लिया।

Verified by MonsterInsights