– Santosh K Srivastav : Editor in Chief & Publisher
ईमानदारी, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और तकनीकी दक्षता को बताया सफलता की कुंजी
पटना, 13 जुलाई 2026 | बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैयद अता हसनैन ने सोमवार को बिहार लोक भवन के दरबार हॉल में कायनात इंटरनेशनल स्कूल, काको (जहानाबाद) के भारत स्काउट्स एवं गाइड के विद्यार्थियों से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों को जीवन में अनुशासन, ईमानदारी, नेतृत्व क्षमता और निरंतर सीखने की भावना विकसित करने का संदेश दिया।
राज्यपाल ने कहा कि विद्यार्थी भविष्य में चाहे किसी भी क्षेत्र को अपना करियर बनाएं, सफलता के लिए ईमानदारी, अनुशासन, व्यावसायिक दक्षता, प्रबंधन क्षमता और नेतृत्व कौशल अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि शैक्षणिक ज्ञान के साथ-साथ प्रभावी अभिव्यक्ति की क्षमता का विकास भी उतना ही महत्वपूर्ण है। विद्यार्थियों को लिखने और बोलने का कौशल विकसित करना चाहिए तथा जिज्ञासु बनकर निडरता से प्रश्न पूछने चाहिए।
उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा, खेल और जीवन के अन्य क्षेत्रों के प्रेरणादायी व्यक्तित्वों से प्रेरणा लेने की सलाह देते हुए कहा कि प्रत्येक अनुभव और घटना सीखने का अवसर प्रदान करती है। असफलताओं को निराशा का कारण नहीं, बल्कि आत्ममंथन और आत्मविकास का माध्यम मानना चाहिए।
राज्यपाल ने कहा कि आने वाला समय नई तकनीकों और नवाचारों का है। ऐसे में विद्यार्थियों के लिए तकनीकी रूप से दक्ष होना और बदलती चुनौतियों के अनुरूप स्वयं को तैयार करना आवश्यक है।
आपदा प्रबंधन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि इसे विद्यालयी शिक्षा का अभिन्न हिस्सा बनाया जाना चाहिए। हाल के वर्षों में आगजनी और अन्य आपात घटनाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने विद्यार्थियों में आपदा के प्रति जागरूकता, तैयारी और त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता विकसित करने पर जोर दिया।
संवाद कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने राज्यपाल से विभिन्न विषयों पर प्रश्न पूछे, जिनका उन्होंने विस्तारपूर्वक उत्तर देते हुए उनका मार्गदर्शन किया।
कार्यक्रम में कायनात इंटरनेशनल स्कूल के संस्थापक अध्यक्ष शकील अहमद काकवी, विद्यालय के शिक्षक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
