लाल गाड़ी अभियान में 217 बिना टिकट यात्री पकड़े गए

Live ख़बर

रंजीत प्रसाद सिन्हा : संवाददाता

पुनपुन और तारेगना स्टेशनों पर विशेष टिकट जांच अभियान, रेलवे ने वसूला 1.48 लाख रुपये से अधिक जुर्माना

दानापुर, 14 जुलाई। पूर्व मध्य रेल के दानापुर मंडल द्वारा बिना टिकट एवं अनियमित टिकट पर यात्रा करने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुनपुन और तारेगना रेलवे स्टेशनों पर “लाल गाड़ी” के माध्यम से सघन टिकट जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान 217 बिना टिकट एवं अनियमित टिकट वाले यात्रियों को पकड़ा गया, जिनसे कुल 1,48,395 रुपये का जुर्माना वसूला गया।

दानापुर मंडल के वरीय मंडल वाणिज्य प्रबंधक के निर्देशन में 13 जुलाई को पटना-गया रेलखंड के पुनपुन एवं तारेगना स्टेशनों पर वाणिज्य विभाग और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की संयुक्त टीम द्वारा विशेष टिकट जांच अभियान संचालित किया गया। इसके लिए विशेष टिकट चेकिंग स्पेशल ट्रेन, जिसे “लाल गाड़ी” नाम दिया गया है, का उपयोग किया गया।

अभियान के दौरान पुनपुन और तारेगना स्टेशनों से गुजरने वाली लगभग सभी ट्रेनों को अतिरिक्त ठहराव देकर यात्रियों के टिकटों की गहन जांच की गई। जांच के दौरान बिना टिकट अथवा अनियमित टिकट के साथ यात्रा कर रहे 217 यात्रियों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए उनसे कुल 1,48,395 रुपये का जुर्माना वसूला गया।

रेल अधिकारियों के अनुसार इस विशेष अभियान का सकारात्मक प्रभाव देखने को मिला। अभियान के बाद पटना-गया रेलखंड के विभिन्न रेलवे स्टेशनों के टिकट काउंटरों पर यात्रियों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई। इससे यह संकेत मिला कि यात्री अब वैध टिकट लेकर यात्रा करने के प्रति अधिक जागरूक हो रहे हैं।

दानापुर मंडल ने यात्रियों से अपील की है कि वे हमेशा वैध टिकट अथवा उचित यात्रा प्राधिकार के साथ ही रेल यात्रा करें, ताकि अनावश्यक जुर्माने एवं कानूनी कार्रवाई से बचा जा सके। रेलवे ने स्पष्ट किया है कि बिना टिकट यात्रा के विरुद्ध इस प्रकार के विशेष जांच अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।