– रंजीत प्रसाद सिन्हा : संवाददाता
इनर व्हील क्लब पाटलिपुत्र की पहल, विशेषज्ञ चिकित्सकों ने दी स्वास्थ्य परामर्श और निःशुल्क दवाइयों का वितरण
पटना, 14 जुलाई। इनर व्हील क्लब पाटलिपुत्र की ओर से फुलवारी शरीफ में आयोजित मेगा हेल्थ कैंप में 200 से अधिक मरीजों ने निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। क्लब की अध्यक्षा अपर्णा भारती के नेतृत्व में आयोजित इस शिविर में विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों की जांच कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श और दवाइयां उपलब्ध कराईं।
स्वास्थ्य शिविर में पद्मश्री डॉ. आर.एन. सिंह सहित हड्डी रोग, स्त्री रोग, ईएनटी, त्वचा रोग, जनरल मेडिसिन एवं आयुर्वेद के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों का परीक्षण किया। शिविर के दौरान ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर, बोन डेंसिटी तथा एनीमिया की जांच भी निःशुल्क की गई। जांच के बाद जरूरतमंद मरीजों को मुफ्त दवाइयां वितरित की गईं।
कार्यक्रम को सफल बनाने में पी.पी. पूनम सिन्हा, पी.पी. निशा विद्यार्थी तथा श्रुति पांडे की महत्वपूर्ण भूमिका रही। शिविर के समापन अवसर पर सभी चिकित्सकों को उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर एम.पी. जैन ने बताया कि पद्मश्री डॉ. आर.एन. सिंह ने इनर व्हील क्लब पाटलिपुत्र द्वारा किए जा रहे सामाजिक एवं स्वास्थ्य सेवा कार्यों की सराहना करते हुए भविष्य में भी हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।

