– Santosh K Srivastav : Editor in Chief & Publisher
निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की कार्रवाई, मनरेगा कार्य के एवज में रिश्वत मांगने के आरोप में हुई गिरफ्तारी
पटना, 15 जुलाई। निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, बिहार की मुख्यालय टीम ने भ्रष्टाचार के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए मुजफ्फरपुर जिले के सकरा प्रखंड अंतर्गत सिराजाबाद पंचायत के पंचायत रोजगार सेवक जितेन्द्र कुमार को 20 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
ब्यूरो के अनुसार इस मामले में निगरानी थाना कांड संख्या 083/26 दिनांक 14 जुलाई 2026 दर्ज किया गया था। कार्रवाई के दौरान आरोपी को 15 जुलाई 2026 को सकरा थाना क्षेत्र के सबहा चौक स्थित पीआर मार्ट से 20,000 रुपये रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया गया।
मामले की शिकायत सिराजाबाद पंचायत के वार्ड संख्या-11 के वार्ड सदस्य आदित्य कुमार ने निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, पटना में दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि पंचायत रोजगार सेवक मनरेगा से संबंधित कार्य कराने के बदले रिश्वत की मांग कर रहा है।
शिकायत प्राप्त होने के बाद निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने मामले का सत्यापन कराया। जांच के दौरान रिश्वत मांगने के आरोप की पुष्टि होने पर प्राथमिकी दर्ज की गई और वरीय पुलिस उपाधीक्षक विकास कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में विशेष धावादल का गठन किया गया।
धावादल ने योजनाबद्ध कार्रवाई करते हुए आरोपी को 20 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ की जा रही है।
निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने बताया कि पूछताछ के उपरांत आरोपी को माननीय विशेष न्यायालय (निगरानी), मुजफ्फरपुर में प्रस्तुत किया जाएगा। मामले में आगे की अनुसंधानात्मक कार्रवाई जारी है।

