– रंजीत प्रसाद सिन्हा : संवाददाता
3,362 बिना टिकट और अनियमित यात्री पकड़े गए, 28.80 लाख रुपये से अधिक का राजस्व वसूला
दानापुर, 16 जुलाई। पूर्व मध्य रेल के दानापुर मंडल ने बिना टिकट एवं अनियमित टिकट पर यात्रा करने वालों के विरुद्ध 15 जुलाई 2026 को देर रात तक विशेष सघन टिकट जांच अभियान चलाया। अभियान के दौरान मंडल के प्रमुख स्टेशनों और महत्वपूर्ण ट्रेनों में व्यापक जांच की गई, जिसमें 3,362 यात्रियों को बिना वैध टिकट या अनियमित टिकट के साथ यात्रा करते हुए पकड़ा गया।
पूर्व मध्य रेल के अनुसार, यात्रियों को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और गुणवत्तापूर्ण रेल यात्रा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से दानापुर मंडल नियमित रूप से ऐसे विशेष अभियान संचालित कर रहा है। वरीय मंडल वाणिज्य प्रबंधक के नेतृत्व में गठित विशेष टिकट जांच दलों ने विभिन्न स्टेशनों और ट्रेनों में देर रात तक जांच अभियान चलाया।
अभियान के दौरान किऊल जंक्शन पर संचालित विशेष ‘लाल गाड़ी’ टिकट जांच अभियान में 516 बिना टिकट एवं अनियमित यात्रियों को पकड़ा गया। इन यात्रियों से किराया और जुर्माना मिलाकर कुल 4,66,680 रुपये की वसूली की गई।
वहीं, पूरे दानापुर मंडल में चलाए गए विशेष जांच अभियान के दौरान कुल 3,362 बिना टिकट एवं अनियमित टिकट वाले यात्रियों से किराया और दंड के रूप में 28,80,839 रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ।
रेल प्रशासन ने बताया कि इस अभियान के बाद विभिन्न स्टेशनों के टिकट काउंटरों पर टिकट खरीदने वाले यात्रियों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। साथ ही यात्रियों में वैध टिकट लेकर यात्रा करने और रेलवे नियमों का पालन करने के प्रति जागरूकता भी बढ़ी है।
दानापुर मंडल ने स्पष्ट किया है कि बिना टिकट यात्रा पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा यात्रियों में टिकट संबंधी अनुशासन बनाए रखने के लिए इस प्रकार के विशेष टिकट जांच अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे।

