– रंजीत प्रसाद सिन्हा : संवाददाता
25 जुलाई तक चलने वाले धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु कर रहे सहभागिता
पटना, 21 जुलाई। श्री पार्श्वनाथ दिगम्बर जैन मंदिर, कदमकुआँ में 20 जुलाई से आरंभ हुआ जैन धर्म का पावन छह दिवसीय सिद्धचक्र महामंडल विधान श्रद्धा, भक्ति और धार्मिक उल्लास के साथ जारी है। 25 जुलाई तक चलने वाले इस धार्मिक आयोजन में प्रतिदिन बड़ी संख्या में जैन श्रद्धालु भाग लेकर पूजा-अर्चना एवं धार्मिक अनुष्ठानों में सहभागी बन रहे हैं।
प्रतिदिन प्रातःकाल भगवान का अभिषेक, शांतिधारा, पूजन, अर्घ्य समर्पण तथा सिद्धचक्र महामंडल विधान की विधिवत पूजा संपन्न हो रही है। पूरे मंदिर परिसर में मंत्रोच्चार, आराधना और भक्ति का वातावरण बना हुआ है। श्रद्धालु आत्मिक शांति एवं धर्मलाभ की भावना से अनुष्ठान में उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं।
वाराणसी से पधारे विद्वान डॉ. कमलेश जैन शास्त्री ने बताया कि सिद्धचक्र विधान जैन धर्म का अत्यंत प्रभावशाली एवं पुण्यदायक धार्मिक अनुष्ठान है। इसके माध्यम से श्रद्धालु आत्मशुद्धि, आध्यात्मिक उन्नति तथा समस्त जीवों के कल्याण की भावना के साथ आराधना करते हैं। उन्होंने कहा कि इस आयोजन में श्रद्धालुओं का उत्साह और आस्था उल्लेखनीय है।
आयोजन समिति ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे 25 जुलाई तक चलने वाले इस पावन धार्मिक आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर धर्मलाभ प्राप्त करें।

