खगौल में सहयोग शिविर, जनसमस्याओं के त्वरित समाधान पर जोर

Live ख़बर

– रंजीत प्रसाद सिन्हा : संवाददाता

नगर परिषद के विशेष शिविर में बिजली, स्वास्थ्य, आवास, राशन और राजस्व से जुड़ी शिकायतों की हुई ऑन-द-स्पॉट सुनवाई

खगौल, 21 जुलाई। राज्य सरकार के निर्देशों के तहत खगौल नगर परिषद द्वारा मंगलवार को मोती चौक स्थित सामुदायिक भवन में विशेष ‘सहयोग शिविर’ का आयोजन किया गया। नगर कार्यपालक पदाधिकारी अभिनव कुमार की देखरेख में आयोजित इस शिविर का उद्देश्य आम नागरिकों की प्रशासनिक एवं नागरिक समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना था।

शिविर में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक अपनी शिकायतों और समस्याओं को लेकर पहुंचे। स्थानीय निवासी जितेंद्र वत्स, धर्मेंद्र सिंह, नवाब आलम सहित कई लोगों ने संबंधित अधिकारियों को आवेदन सौंपकर अपनी समस्याओं से अवगत कराया।

शिविर के दौरान बिजली एवं ऊर्जा आपूर्ति, बाल विकास परियोजना, राजस्व एवं भूमि सुधार, स्वास्थ्य सेवाएं, राशन कार्ड एवं जन वितरण प्रणाली, प्रधानमंत्री आवास योजना तथा पुलिस प्रशासन से जुड़े मामलों की सुनवाई की गई। अधिकारियों एवं नगर परिषद कर्मियों ने नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके शीघ्र निष्पादन का आश्वासन दिया।

नगर कार्यपालक पदाधिकारी अभिनव कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार नगर परिषद के सभी वार्डों में इस प्रकार के सहयोग शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन शिविरों के माध्यम से नागरिकों को सीधे अधिकारियों तक अपनी बात पहुंचाने का अवसर मिल रहा है, जिससे समस्याओं के समाधान की प्रक्रिया तेज और प्रभावी हो रही है।

शिविर में स्थानीय जनप्रतिनिधियों की भी सक्रिय भागीदारी रही। वार्ड पार्षद राहुल कुमार, पिंटू कुमार, प्रशांत कुमार सिंह, पूनम देवी और चंदू प्रिंस सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने जनता और प्रशासन के बीच समन्वय स्थापित करने में सहयोग किया।

कार्यक्रम के सफल संचालन में नगर परिषद की पूरी टीम सक्रिय रही। इस दौरान मीनाक्षी कुमारी (नगर व्यवस्था पदाधिकारी), विजय प्रकाश (स्वच्छता पदाधिकारी), मनोज कुमार (प्रधान लिपिक), शैलेश कुमार (लिपिक), मुकेश कुमार मंडल, टैक्स कर्मचारी रवि रंजन कुमार, कौशलेंद्र कुमार, नवनीत कुमार एवं सत्यम कुमार सहित अन्य कर्मियों ने नागरिकों के आवेदनों के निष्पादन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।