गणना प्रपत्र जमा करने की अपील

Live ख़बर

Santosh K Srivastav : Editor in Chief & Publisher

24 जुलाई तक शहरी क्षेत्रों के एक लाख से अधिक मतदाताओं से प्रपत्र जमा कराने का लक्ष्य, सभी 1,581 बूथों पर होगी ‘चुनाव पाठशाला’

बोकारो, 21 जुलाई। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 अभियान को गति देने के लिए जिला प्रशासन ने शहरी क्षेत्रों के मतदाताओं से 24 जुलाई तक अनिवार्य रूप से गणना प्रपत्र जमा कराने की अपील की है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त अजय नाथ झा ने कहा कि गणना प्रपत्र कोई साधारण कागज नहीं, बल्कि लोकतंत्र में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी सुनिश्चित करने वाला महत्वपूर्ण दस्तावेज है। उन्होंने बताया कि 36-बोकारो विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत बोकारो स्टील सिटी और चास नगर निगम क्षेत्र के एक लाख से अधिक मतदाताओं ने अब तक अपना गणना प्रपत्र जमा नहीं किया है।

समाहरणालय सभागार में आयोजित प्रेसवार्ता में उपायुक्त ने कहा कि जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को सफल बनाने के लिए व्यापक स्तर पर कार्य किया जा रहा है। शहरी क्षेत्रों में अपेक्षाकृत धीमी प्रगति को देखते हुए प्रशासन ने विशेष अभियान चलाने का निर्णय लिया है, ताकि निर्धारित समय सीमा के भीतर अधिकतम मतदाताओं से गणना प्रपत्र प्राप्त किए जा सकें।

उन्होंने बताया कि बुधवार, 22 जुलाई को जिले के सभी 1,581 मतदान केंद्रों पर ‘चुनाव पाठशाला’ का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) एवं बीएलओ सुपरवाइजरों की तृतीय चरण की बैठक आयोजित होगी तथा एएसडीडीएफ सूची को अंतिम रूप दिया जाएगा। प्रशासन का उद्देश्य छूटे हुए मतदाताओं तक पहुंच बनाकर शत-प्रतिशत गणना प्रपत्र संग्रह सुनिश्चित करना है।

उपायुक्त ने अभियान की प्रगति की जानकारी देते हुए बताया कि जिले के कुल 15,35,267 मतदाताओं में से अब तक 14,17,164 मतदाताओं, अर्थात 92.31 प्रतिशत को गणना प्रपत्र वितरित किए जा चुके हैं। वहीं 10,72,538 प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन पूरा हो चुका है, जो कुल का 69.86 प्रतिशत है। ग्रामीण क्षेत्रों में अभियान लगभग पूर्णता की ओर है, जबकि बोकारो स्टील सिटी एवं चास नगर निगम क्षेत्र में संग्रहण और डिजिटाइजेशन की गति तेज करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

मतदाताओं की सुविधा के लिए जिला प्रशासन ने ऑनलाइन और हेल्पलाइन सुविधाएं भी उपलब्ध कराई हैं। अंतिम प्रकाशित मतदाता सूची-2024 में नाम की जांच के लिए मतदाता ईसीआई नेट ऐप का उपयोग कर सकते हैं। इसके अलावा निर्वाचन आयोग के आधिकारिक पोर्टल तथा मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, झारखंड की वेबसाइट पर भी मतदाता सूची देखी जा सकती है। किसी भी प्रकार की सहायता के लिए टोल-फ्री हेल्पलाइन 1950 के अलावा जिला स्तर पर स्थापित हेल्पलाइन सेंटर के मोबाइल नंबर 9264441992, 8292666522 एवं 7033305037 पर संपर्क किया जा सकता है।

प्रेसवार्ता में अनुमंडल पदाधिकारी चास प्रांजल ढांडा, प्रशिक्षु आईएएस अधिकारी अरविंद राधाकृष्णन, जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रेमचंद सिन्हा सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित थे। इससे पूर्व उपायुक्त ने विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की प्रगति एवं आगामी रणनीति पर भी चर्चा की।