– Santosh K Srivastav : Editor in Chief & Publisher
रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, राज्यसभा सांसद महुआ माजी और सीसीएल सीएमडी ने किया शुभारंभ, क्षेत्र के बच्चों को मिलेगी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा
रांची, 02 जुलाई, 2026 | सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) के एनके क्षेत्र अंतर्गत स्थित केंद्रीय विद्यालय, सीसीएल, डकरा का भव्य एवं गरिमामय समारोह में विधिवत उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में राज्यसभा सांसद महुआ माजी उपस्थित रहीं। विद्यालय के शुभारंभ को क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
कार्यक्रम में कांके के पूर्व विधायक समरी लाल, सीसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक (सीएमडी) निलेंदु कुमार सिंह, निदेशक (वित्त) पवन कुमार मिश्रा, निदेशक (मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र, निदेशक (तकनीकी/संचालन) चंद्र शेखर तिवारी, निदेशक (योजना एवं परियोजना) अनुप हंजुरा, मुख्य सतर्कता अधिकारी पंकज कुमार तथा केंद्रीय विद्यालय संगठन के उप-आयुक्त एस. जे. जोगलेकर सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा सीसीएल के महाप्रबंधक, विभागाध्यक्ष, अधिकारी, कर्मचारी, स्थानीय ग्रामीण, श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधि, छात्र-छात्राएं और अभिभावक बड़ी संख्या में शामिल हुए।

कार्यक्रम की शुरुआत स्मारिका के विमोचन से हुई। इसके बाद अतिथियों ने विद्यालय भवन का निरीक्षण किया और दीप प्रज्ज्वलित कर औपचारिक उद्घाटन किया। सीएमडी निलेंदु कुमार सिंह ने मुख्य अतिथि और विशिष्ट अतिथि का पुष्पगुच्छ, शॉल एवं श्रीफल भेंट कर स्वागत किया, जबकि एनके क्षेत्र के महाप्रबंधक अमिताभ तिवारी ने अन्य अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर विद्यालय के विद्यार्थियों ने स्वागत गीत और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर समारोह को आकर्षक बनाया।
अपने संबोधन में रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने कहा कि डकरा में केंद्रीय विद्यालय का उद्घाटन केवल इस क्षेत्र ही नहीं, बल्कि पूरे खलारी और मैक्लुस्कीगंज क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह विद्यालय बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करेगा और यहां से पढ़ने वाले विद्यार्थी भविष्य में देश और दुनिया में झारखंड का नाम रोशन करेंगे।
राज्यसभा सांसद महुआ माजी ने कहा कि झारखंड की प्रतिभाओं ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह विद्यालय भी ऐसे प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को तैयार करेगा, जो भविष्य में राज्य और देश का गौरव बढ़ाएंगे।
सीसीएल के सीएमडी निलेंदु कुमार सिंह ने इस अवसर को अपने लिए भावनात्मक बताया। उन्होंने कहा कि उनका बचपन इसी परिसर में बीता है और उन्होंने यहीं खेलकूद किया है। उन्होंने बताया कि पिछले कई वर्षों से इस विद्यालय के संचालन की दिशा में लगातार समीक्षा की जा रही थी और इस वर्ष उद्घाटन का लक्ष्य तय किया गया था, जो अब पूरा हो गया है।
केंद्रीय विद्यालय संगठन के उप-आयुक्त एस. जे. जोगलेकर ने कहा कि केंद्रीय विद्यालय संगठन गुणवत्तापूर्ण, समावेशी और आधुनिक शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि डकरा का यह विद्यालय क्षेत्र के विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव साबित होगा।
कार्यक्रम में स्वागत भाषण एनके क्षेत्र के महाप्रबंधक अमिताभ तिवारी ने दिया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन स्टाफ ऑफिसर (मानव संसाधन) शशि प्रभा हांसदा ने प्रस्तुत किया।
